कानपुर नगर : महिला के पैरों की उंगली काटने और सवाल पूछने पर पैर काटने की धमकी देने के मामले में आरोपित डाक्टर के खिलाफ अब एसडीएम ने जांच के आदेश दिए हैं। नायब तहसीलदार और चिकित्सा अधीक्षक की टीम आरोपों की जांच करेगी। सत्यता पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कूष्मांडा नगर मोहल्ला निवासी सत्यम चौहान ने मूसानगर रोड पर एक बिल्डिंग में हफ्ते में एक दिन आकर बैठने वाले हड्डी रोग विशेषज्ञ पर गंभीर आरोप लगाते हुए सीएमओ, जनसुनवाई पोर्टल और घाटमपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप था कि उनकी मां के पैरों में दर्द था। जब उन्होंने डाक्टर को दिखाया तो उन्होंने बिना घरवालों की सलाह के उनकी मां के दोनों पैरों के अंगूठे की बगल वाली उंगली काट दी। इसके बाद हर हफ्ते बुलाकर हजार रुपये फीस लेते रहे। आराम नहीं मिलने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि कानपुर के अस्पताल में आ जाना पैर भी काट देंगे। मामले में तहरीर पर रिपोर्ट न दर्ज होने से आक्रोशित स्वजन ने शनिवार को तहसील में प्रदर्शन किया। एसडीएम से भी मामले की शिकायत की। शिकायत के दौरान महिला के बेटे सत्यम के साथ बार एसोसिएशन के महामंत्री शिवसिंह परमार, वकील मानवेंद्र सिंह राजावत चंद्रवीर सिंह, छोटू पांडेय, डब्बू शुक्ला, हेमंत अवस्थी आदि रहे। एसडीएम आयुष चौधरी ने इस मामले में नायब तहसीलदार और सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक को संयुक्त रूप से जांच कर आख्या देने को कहा है।
2022-03-06
