प्रेमिका से मिलने के लिए पुलिस अभिरक्षा से भागा था गैंगस्टर, हाइवे पर इन्तजार करते समय एसओजी ने पकड़ा
Sun, 06 Mar 2022
शुक्रवार की शाम पेशी के लिए झांसी ले जाने को इटावा जिला कारागार से निकला गैंगस्टर पुलिस कर्मियों को चकमा देकर भाग निकला था। प्रेमिका से मिलने के लिए वह राष्ट्रीय राजमार्ग -19 कानपुर-इटावा हाईवे से सटे फफूंद-जालौन चौराहा समीप खड़ा था। इसकी भनक लगने पर रविवार को स्पेशल आपरेशन ग्रुप की टीम ने उसे धर दबोचा और सदर कोतवाली लेकर पहुंची। जहां उसने कहा कि प्रेमिका से मिलने को कहा था। इसलिए, भागा।
गैंगस्टर समेत छह अलग-अलग मामलों में आरोपित सौरभ सक्सेना पुत्र स्व. सुरेश चंद्र सक्सेना निवासी गोविंद नगर मोहल्ला को सिविल लाइन औरैया से चार पुलिस कर्मी झांसी न्यायालय में पेशी के लिए इटावा जिला कारागार से लेने गए थे। जहां से निकलने के बाद महज पांच सौ मीटर की दूरी पर रेलवे स्टेशन के बाहर बजरिया में सौरभ दीवान का मोबाइल फोन लेकर अन्य कर्मियों को चकमा देते हुए
भाग निकला था। इसके बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। अभिरक्षा से भागे सौरभ को पकड़ने के लिए औरैया के अलावा इटावा व अन्य जनपदों की पुलिस लगी थी। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने भी जल्द गिरफ्तारी किए जाने का निर्देश दिया। इस पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा व अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर सुरेन्द्र नाथ यादव के नेतृत्व में स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) व सर्विलांस के साथ थाना कोतवाली की टीमें लगाई गईं। सौरभ की हिस्ट्री पता होने पर उसकी प्रेमिका को ढाल बनाया गया। मोबाइल फोन नंबर को ट्रेस करते हुए हाईवे से सटे फफूंद-जालौन चौराहा से उसे पकड़ लिया गया। एसओजी प्रभारी सत्येंद्र सिंह यादव व सदर कोतवाल रवि श्रीवास्तव के अलावा पूरी टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि लापरवाही करने वाले पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें दीवान अतर सिंह, सिपाही बृजेश यादव, बृजेश व संजीव कुमार है। इन्हें निलंबित भी किया जाएगा। निर्वाचन आयोग व उच्चाधिकारियों को जांच आख्या भेज दी गई है। निर्देश मिलते ही कार्रवाई होगी। आरोपित सौरभ कानपुर देहात जनपद के सिकंदरा का मूल निवासी है। उसका हाल पता गोविंद नगर मोहल्ला है।
