पंजीकरण के बाद भी धान खरीद से बाहर हुए सात हजार किसान

कानपुर देहात में धान खरीद की समय सीमा सोमवार से समाप्त हो रही है, लेकिन अभी सात हजार से अधिक किसान धान बिक्री के लिए लाइन में हैं। सात दिन का अतिरिक्त समय मिलने के बाद भी धान बिक्री न हो पाने पर किसानों में रोष हैं। वहीं अब उन्हें सस्ते दामों में धान बिक्री के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

जिले में धान खरीद के लिए खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम सहित छह एजेंसियों के 56 केंद्र बनाए गए थे। धान बिक्री के लिए जिले से 23470 किसानों ने पंजीयन कराया था, जिसके सापेक्ष 22 हजार किसानों की खतौनी, बैंक खाता संख्या सहित अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद सत्यापन किया गया। अब धान खरीद शुरू हुए चार माह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन सात हजार किसानों की धान अब तक नहीं खरीदी जा सकी है। धान बिक्री के लिए 28 फरवरी तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन किसानों की समस्याओं को देखते हुए शासन की ओर से सात दिन की समय सीमा बढ़ाई गई। अब सात मार्च से खरीद समाप्त हो रही है, लेकिन इसके बाद भी जिले में सात हजार किसान बिक्री के लिए लाइन में हैं। केंद्रों के चक्कर काटने के बाद भी खरीद न होने से अब उन्हें समस्या का सामना करना पड़ रहा है जबकि केंद्र प्रभारियों की ओर से पोर्टल लाग इन न होने की दलील दी जा रही है। बिक्री न होने के कारण अब किसान सस्ते दामों में धान बिक्री के लिए मजबूर हो रहे हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अधिकांश किसानों की धान खरीद हो चुकी है। अब धान बिक्री के लिए आने वाले किसानों के सत्यापन के बाद ही धान की खरीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *