फतेहगढ़ जेल में कैदियों के बीच मारपीट, सिपाही भी घायल

फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में शनिवार शाम हुए बवाल के दौरान कई कैदी और सिपाही घायल हो गए। जेल प्रशासन ने आनन-फानन बल प्रयोग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। घायल कैदियों की मरहम-पट्टी जेल के अंदर ही की जा रही है। गोपनीयता की दृष्टि से कैदियों को लोहिया अस्पताल तक नहीं भेजा गया है।

शनिवार को सेमी हाई सिक्योरिटी सेल के कुछ बंदियों का जेल के भीतर काम करने वाले पक्कों (जेल प्रशासन के विश्वास पात्र पुराने कैदी जिन्हें जेल के भीतर विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंप दी जाती हैं) से विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर कैदियों ने पथराव कर दिया। सूचना पर दौड़े बंदी रक्षकों व पीएसी सिपाहियों ने बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया। इस दौरान कई कैदियों के अलावा एक पीएसी सिपाही सहित बंदी रक्षक भी चुटहिल हो गए। घटना के पीछे मोबाइल रखने की वसूली का विवाद बताया जा रहा है। घायल बंदियों में अधिकांश शाहजहांपुर आदि दूसरे जनपदों के हैं।

घटना की सूचना पर पहुंचे जेल अधिकारियों ने मामले को जेल परिसर से बाहर जाने से रोकने को घायलों को लोहिया अस्पताल न भेजने का निर्णय लिया गया। कारागार परिसर में ही बंदियों की मरहम-पट्टी की व्यवस्था कराई गई। कई के तो टांके लगाने की भी स्थिति बनने की सूचना है। हालांकि वरिष्ठ जेल अधीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि कोई खास बात नहीं थी, बंदियों के बीच मामूली कहा-सुनी हो गई थी। उन्होंने किसी के घायल होने से इन्कार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *