ओवरटेक करते समय सामने से आ रही डीसीएम से भिड़ी कार, चार की मौत

कानपुर में बिधनू के अफजलपुर गांव के पास कानपुर-सागर हाईवे पर सोमवार रात करीब 11:30 बजे दर्दनाक हादसा हुआ। ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार कार सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर है। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पुलिस को बाडी काटकर लोगों को बाहर निकालना पड़ा। घायलों को लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो मृतकों की पहचान हो पाई है। दोनों शिवराजपुर के रहने वाले थे।

बिधनू थाना प्रभारी अतुल सिंह के मुताबिक, दिल्ली के नंबर की आर्टिगा कार घाटमपुर की ओर जा रही थी। अफजलपुर गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने कार ने डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास किया और सामने से आ रहे कुम्हड़ा लदी डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में आगे बैठे दो युवक उछल कर सड़क पर जा गिरे। वहीं, कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार की बाडी कटवाकर चारों लोगों को बाहर निकाला और सीएचसी बिधनू ले गए, जहां से डाक्टर ने उन्हें एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, चार लोगों की मौत हो चुकी है। दो गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक संदीप और नितिन शिवराजपुर के उदितपुर के रहने वाले थे। पुलिस अन्य की पहचान के प्रयास में जुटी है। कार पर डीएल-11सीए 8035 नंबर पड़ा है। इसके आधार पर बताया जा रहा है कि कार दिल्ली के रोहणी निवासी मंजीत कुमार की है। कार में एक विजिटिग कार्ड मिला है, जिसमें एएमटी मोटर एंड प्रापर्टीस और पता सेक्टर-3 रोहणी दिल्ली व नाम अमित कटारिया और एसडी कटारिया लिखा है। अस्पताल में मौजूद स्वजन ने बताया कि कार से आठ लोग रमईपुर निवासी रियाज के वलीमा में शामिल होने गए थे। वहां से छह लोग निकले थे। डाक्टर ने बिना देखे ही मृत घोषित कर दिया

कार सवार घायलों को लेकर गांव के लोग भी पुलिस के साथ बिधनू सीएचसी गए थे। यहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डा. अवधेश कुमार ने बिना किसी को हाथ लगाए दो को मृत बता दिया और अन्य चार को गंभीर रूप से घायल बताकर एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया, जिसमें अन्य दो ने रास्ते में दम तोड़ दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *