कानपुर गल्ला मंडी में कड़ी सुरक्षा में घुसा संदिग्ध, सपा प्रत्याशी ने जमकर किया हंगामा, पुलिस कर रही जांच
Wed, 09 Mar 2022
कानपुर की नौबस्ता गल्लामंडी में मंगलवार की शाम एक संदिग्ध व्यक्ति पर सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुसने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशियों ने जमकर हंगामा किया। सपा प्रत्याशी ने इसे प्रशासन की साजिश करार दिया है। वहीं, इस मामले में चार लैपटाप के साथ पकड़े गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि गल्लामंडी स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम में एक व्यक्ति पैसे निकालने गया था, उसका पैसा फंस गया। उसने बैंककर्मियों को सूचना दी थी, जिस पर वाहन सवार चार युवक लैपटाप लेकर वहां पहुंचे थे। इसकी जानकारी सपा प्रत्याशी रचना सिंह को मिली तो उन्होंने स्ट्रांग रूम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति और चार बंदे लैपटॉप के साथ सपा प्रत्याशी ने पकड़ा। सपा प्रत्याशी रचना सिंह ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही सपा विधायक इरफान सोलंकी व गोविंद नगर सीट के सपा प्रत्याशी सम्राट विकास और उनके समर्थक भी मौके पर पहुंच गए।
सपा विधायक व सीसामऊ सीट के प्रत्याशी इरफान सोलंकी ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा किया जाए। शाम साढ़े छह बजे की घटना थी और अफसर रात को साढ़े दस बजे पहुंचे। मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर को जानकारी दे दी है। सुबह 11 बजे गल्ला मंडी जाएंगे। इस मामले का खुलासा न हुआ तो चुप नहीं बैठा जाएगा।
बोले जिम्मेदार : गल्ला मंडी नौबस्ता में बैंक आफ बड़ौदा का एटीएम है। एटीएम में किसी का पैसा फंस गया था। शिकायत पर एटीएम वैन आई थी। जिसमें कुछ लोग लैपटाप लिए थे। सपा उम्मीदवार को यह संदिग्ध लगा तो उन्होंने उन्हें पकड़ लिया। कुछ देर बाद उक्त लोग वहां से चले गए। इस पर सपा उम्मीदवार गड़बड़ी की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। वैन में सवार युवकों को दोबारा बुलवाया गया है। – विकास कुमार पांडेय, एसीपी गोविंदनगर।
