फतेहपुर में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन रेलवे फ्रेट कारिडोर पर टावर वैगन व मालगाड़ी की टक्कर, 13 लोग घायल
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में बड़े भीट बाबा देवस्थान के सामने निर्माणाधीन रेलवे फ्रेट कारिडोर में अप लाइन पर आमने-सामने दो गाड़ियों की टक्कर से 13 लोग घायल हो गए। एल एण्ड टी के टावर वैगन तथा जीएमआर की मालगाड़ी आपस में टकराने की सूचना जैसे ही विभागीय अधिकारियों को हुई मौके पर पहुंचे। घायलों को चार एंबुलेंस गाड़ियों से सीएचसी पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक इलाज के बाद 11 घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मंगलवार दोपहर दो बजे करीब एल एण्ड टी का टावर वैगन लाइन की पेट्रोलिंग करने निकला था। टावर वैगन में सवार विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मलवा से सुजातपुर, कौशांबी जा रहे थे। रसूलाबाद तक टावर वैगन सही लाइन पर था। यहां से इसकी लाइन बदली जानी थी। टावर की लाइन बदली नहीं गई और वह खागा क्षेत्र से बमुश्किल एक किमी आगे चलने के बाद बड़े भीट बाबा देव स्थान के सामने अप लाइन पर आ रही जीएमआर की सेक्सन वैगन मालगाड़ी से टकरा गया। मालगाड़ी को घनश्याम सिंह व अवधेश कुमार चला रहे थे। हेल्पर सुचितपाल के अलावा इसमे कई मजदूर सवार थे। पत्थर के स्लीपर लदी मालगाड़ी व टावर वैगन में टक्कर होने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्लीपर लदी मालगाड़ी सुजातपुर से स्लीपर लादकर रमवा डिपो जा रही थी।
हादसे में यह हुए घायल
घनश्याम सिंह-मालदा पश्चिम बंगाल, अवधेश कुमार-लखनऊ, सुचितपाल सिंह-चौड़ाखेर खागा, नूरआलम-मालदा, सुनील यादव-अतरहा थरियांव, तहाबुल हक-मालदा, जियाउल हक- देवानी मालदा, प्रकाश-पटवा सतना मध्य प्रदेश, शमरुल हक- मालदा, नसीम अख्तर- मालदा, लिंगप्पा-कुरनाल आंध्र प्रदेश, तन्मयदास-कलकत्ता तथा ऐश अली-दरवेची मालदा घायल हो गए।
