उन्नाव : छेड़छाड़ पर युवक की पिटाई से मौत, युवती के परिजन और पुलिस पर आरोप

उन्नाव के दही थानांतर्गत गांव इछौली-सिलौटन खेड़ा निवासी युवती को घर में अकेला पाकर एक युवक उसके घर में घुस गया। साथ ही उससे छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। शोर सुन उसके स्वजन वहां पहुंचे और युवक को जमकर पीट दिया। जिसमें वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां डाक्टर ने उसे मृत बता दिया। युवती के स्वजन ने थाने में तहरीर देकर छेड़छाड़ व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज घटना की जांच शुरू कर दी है।

दही थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति मंगलवार को पत्नी व बेटे के साथ खेत में फसल की रखवाली करने चला गया था। घर पर उसकी बेटी अकेली थी। वह दोपहर में घर की छत पर खाना बनाने गई थी तभी गांव निवासी अमृत लाल का 30 वर्षीय बेटा महेश ने उसे अकेला देखा तो वहां पहुंच गया और युवती से छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने इसका विरोध किया और उसे घर से जाने को कहा लेकिन वह नहीं माना। इस पर युवती ने खेत में रहे अपने भाई को फोन करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद भाई व उसके माता-पिता घर पहुंचे और महेश को पकड़कर उसे पीटना शुरू कर दिया। वे लोग उसे पीटते हुए दही थाना ले गए। युवती के भाई ने थाने में महेश के विरुद्ध मारपीट व छेड़छाड़ की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद आरोपित घायल युवक को सिपाही जिला अस्पताल ले गया। जहां डाक्टर ने महेश को मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने पीड़ित युवती को महिला पुलिस के साथ मेडिकल को जिला अस्पताल भेजा गया। युवक की मौत के बाद अब पुलिस ने शव मर्चरी में रखवाते हुए मामले की जांच शुरू की है। वहीं, मृतक युवक के स्वजन जिला अस्पताल पहुंचे और युवती के स्वजन के अलावा पुलिस पर भी उसे पीटने और इसके बाद उसकी मौत होने का आरोप लगा हंगामा किया।

बोले जिम्मेदार : घटना में युवती के स्वजन ने छेड़छाड़ करने पर युवक को पीट दिया था। जिससे वह बेहोश हो गया था। इसपर उनलोगों ने पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर घायल को अस्पताल भेजा गया। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अभी तक मृतक के स्वजन पुलिस के पास नहीं आए हैं। उनसे बात करने का प्रयास किया जा रहा है। – शशिशेखर सिंह, एएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *