फर्रूखाबाद में शार्ट सर्किट से दालमोठ कारखाने में लगी आग, धमाकों से सहमे लोग
फर्रुखाबाद में भट्टी पर लगी बिजली की मोटर में हुए शार्टसर्किट से बुधवार दोपहर दालमोठ कारखाने में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि धुएं के गुबार व लपटें देखकर आसपास के लोग सहम गए। धमाकों से लोग दहल गए। कारखाने का भवन भी ध्वस्त हो गया। करीब दो घंटे बाद पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। करीब 25 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला नई बस्ती निवासी शैलेंद्र सिंह यादव उर्फ सतेंद्र सिंह का मोहल्ले में ही मुख्य मार्ग पर दालमोठ का कारखाना है। दोपहर को शैलेंद्र सिंह उनके पुत्र सनी, कर्मचारी श्याम, शेर सिंह, आकाश, सचिन व मल्लू शाक्य कारखाने में मौजूद थे और काम चल रहा था। इसी दौरान बिजली आने पर भट्टी के आगे लगी मोटर चलाई गई। तेज चिंगारी के साथ मोटर में आग लग गई। इससे कारखाना मालिक व कर्मचारी भाग कर सड़क पर आ गए। कुछ देर में ही आग पूरे कारखाने में फैल गई। लपटें और धुएं के गुबार देखकर आसपास के लोग घर छोड़कर भाग गए। करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड के वाहन मौके पर पहुंचे।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक अंदर मौजूद सारा सामान जल चुका था। छत व छज्जा भी गिर गया, खिड़की-दरवाजे पूरी तरह जल गए। लपटें निकलने के दौरान अंदर से धमाके की आवाज आती रही, इससे लोगों में चिंता बढ़ गई। कारखाना मालिक ने बताया कि 150 बोरी बेसन, 150 पीपा रिफाइंड, 400 किलो मसाला, 10 क्विंटल मूंगफली दाना आदि सामान व कूलर, इनवर्टर, टीवी, स्टेब्लाइजर जलकर खाक हो गए। करीब 25 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
