करीब सात साल की लंबी अवधि के बाद जब कैंट स्थित झाड़ी बाबा ओवरब्रिज को शुरू करने की मियाद आयी, तो दिनभर रस्साकसी में बीत गया. दरअसल, पिछले दिनों निरीक्षण के दौरान डीएम नेहा शर्मा ने 11 मार्च से झाड़ी बाबा ओवरब्रिज पर ट्रैफिक शुरू करने के निर्देश दिए थे. इसी के अनुसार, सुबह लोग यहां लगी बैरीकेडिंग खोलकर आवागमन करने लगे लेकिन बाद में सेतु निर्माण निगम के अफसरों ने इसे बंद करा दिया. जब डीएम को इस बात की खबर लगी तो देर शाम को ओवरब्रिज को यातायात के लिए खोल दिया गया.
बता दें कि झाड़ी बाबा ओवरब्रिज का निर्माण साल 2014 में शुरू हुआ था. करीब 44.31 करोड़ रुपए की लागत से इसका निर्माण किया गया. पिछले दिनों डीएम नेहा शर्मा ने यहां का निरीक्षण कर हर हालत में 11 मार्च से इस पर यातायात शुरू करने के निर्देश दिए थे. इस पुल पर आवागमन खुलने से कानपुर होकर शुक्लागंज और उन्नाव जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली. शुक्रवार सुबह जब लोग निकले तो पुल पर दोनों तरफ बैरीकेडिंग लगी थी. इस पर राहगीरों ने बैरीकेडिंग हटाकर खुद ही ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू कर दिया. वहीं, जब सेतु निर्माण निगम के अफसरों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने फिर से ट्रैफिक बंद करा दिया. सेतु निर्माण निगम के अफसरों का कहना था कि लाइटिंग समेत अभी कुछ अन्य काम किया जाना है. इसके बाद जब डीएम नेहा शर्मा के पास यह खबर पहुंची तो उन्होंने सेतु निर्माण निगम के अफसरों पर नाराजगी जाहिर की. डीएम के तेवरों के बाद देर शाम को झाड़ी बाबा ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू कर दिया गया.
2022-03-11
