UP Election Result 2022: जीतने के बाद असीम अरुण ने फिर लौटाए गनर, एसपी को पत्र लिख कहा- कन्नौज मेरा परिवार, यहां कोई खतरा नहीं
Fri, 11 Mar 2022
कन्नौज सदर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनने के बाद असीम अरुण ने सुरक्षा में तैनात किए गए सरकारी गनरों को लौटा दिया। उन्होंने कहा कि कन्नौज मेरा परिवार है और उन्हें यहां कोई खतरा नहीं है। उनकी सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों को जनता की सुरक्षा में लगाया जाए। यदि उन्हें आवश्यकता होगी तो वह दोबारा अनुरोध कर लेंगे।
नवनिर्वाचित सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक असीम अरुण ने एक बार फिर सरकारी सुरक्षा को वापस कर दिया है। इससे पहले उन्होंने नामांकन के बाद भी सुरक्षा को वापस कर दिया था। गुरुवार को निगम मंडी में मतगणना के बाद असीम अरुण को जीत का प्रमाणपत्र दिया था। एसपी ने तत्काल उन्हें गनर उपलब्ध कराए थे। शुक्रवार को सदर विधायक ने पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा को पत्र लिखकर सरकारी सुरक्षा वापस लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि वह कन्नौज में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उन्हें सुुरक्षा लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्हें प्रसन्नता होगी कि उनकी सुरक्षा में लगे आरक्षियों को जनता की सुरक्षा में लगाया जाएगा।
विदित हो कि असीम अरुण प्रदेश में पहले ऐसे विधायक बन गए हैं, जिन्होंने सुरक्षा लेने से इन्कार किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि विधायक को सरकारी सुरक्षा देने का नियम है। यदि सदर विधायक ने सुरक्षा लेने से इन्कार किया है तो इस बारे में उच्चाधिकारियों से बात कर आगे निर्णय लिया जाएगा।
