महोबा की श्रीनगर पुलिस को मुखबिर ने फोन करके सूचना दी कि बिलखी गांव के पास कुछ संदिग्ध लोग एकत्र हैं। पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर पांचों आरोपितों को पकड़ लिया। उक्त लोगों ने बताया कि वह बिलखी गांव में ही डकैती डालने की योजना बना रहे थे। उनके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।
गुरुवार देर शाम जिले के थाना श्रीनगर के प्रभारी अनिल कुमार की ओर से गठित टीम में शामिल वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवस्वरुप सिंह ने मुखबिर की सूचना पर टीम के साथ ग्राम बिलखी स्थित कबूतरा डेरा के पास औचक दबिश दी। यहां डकैती की योजना बना रहे राधे यादव निवासी लक्ष्मनपुरा थाना ईशानगर जिला छतरपुर मप्र, दीपक यादव निवासी वनछोरा नौगांव जिला छतरपुर मप्र, संतोष कुशवाहा निवासी बराकीरतपुरा थाना नौगांव जिला छतरपुर मप्र, अजय अहिरवार व बब्लू अहिरवार निवासी लहेरापुरवा जिला छतरपुर मप्र को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वह लोग पास के बिलखी गांव में डकैती डालने की योजना तैयार कर रहे थे। आरोपित राधे यादव व दीपक के पास से 12 बोर के तमंचे व कारतूस बरामद किए गए हैं। पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सभी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया है।
