हमीरपुर में दोस्तों संग नहाने गए कक्षा आठ के छात्र की तालाब में डूबकर मौत, घर का इकलौता था संदीप
Fri, 11 Mar 2022
हमीरपुर कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव में उस समय मातम का माहौल हो गया जब गांव के परशुराम के इकलौते बेटे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। स्वजन का रो-रोकर बेहाल हैं।
टिकरी गांव निवासी परशुराम का 14 वर्षीय पुत्र संदीप गांव के जूनियर स्कूल के कक्षा आठ में पढ़ता था। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे अपने साथी रामरतन, बउआ के साथ गांव के निकट बड़े तालाब में नहाने के लिए गया था। तभी नहाते समय उसके साथी जब मौज मस्ती कर रहे थे तभी संदीप गहरे पानी में चला गया। कुछ देर के बाद जब संदीप नहीं दिखाई दिया तब उसके साथियों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन असफल रहे। इसके बाद स्वजन को जानकारी दी गई। इसके बाद स्वजन गांव के अन्य लोग तालाब के अपास एकत्र हो गए।
एक घंटे तालाब में तलाश करने के बाद उसका शव मिल सका। जिसे बाहर निकाल कर सीएचसी में लाया गया। चिकित्सक उमाकांत ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की। संदीप अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें हैं। पिता के पास तीन बीघा खेती है और दूसरों की खेती बटाई पर लेते हैं। बेटे कि मौत पर उसकी मां व बहने सदमा सहन नहीं कर पा रही थी और थोड़ी थोड़ी देर में रो रोकर बेहोश हो जाती हैं।
