जसवंत नगर में बहता मिला गोताखोर का शव , दो दिन से था लापता

फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज में सुरजा पुलिया के पास भोगनी पुर नहर में डूबे एक शख्स को तलाशने में लगाया गया गोताखोर भी डूबकर लापता हो गया। दो दिन से तलाश में लगे स्वजन को गोताखोर का शव शुक्रवार को जसवंतनगर में नहर में बहता मिला। सिरसागंज पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा स्वजन ने जसवंतनगर पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।

फिरोजाबाद के थानाक्षेत्र बसई मोहम्मदपुर के ग्राम अंते की मड़ैया निवासी गंगाराम ने बताया, जसवंतनगर कचौरा मार्ग पर भोगनीपुर नहर पुल के समीप पानी में बहता मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव उनके भाई काली चरण का है, जो गोताखोर था। वह बुधवार को सिरसागंज में भोगनीपुर नहर के सुरजा पुल के समीप पानी में डूबकर लापता हुए व्यक्ति की तलाश में पुलिस के बुलाने पर गया था। नहर में कूदने पर सिर में चोट लग जाने से वह बेहोश होकर पुल के नीचे बह रहे गहरे पानी के भंवर में फंसकर लापता हो गया था। गंगाराम ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके लापता भाई को ढूंढने में कोई सहायता नहीं की। वह स्वजन सहित कालीचरण को नहर के पानी में तलाशते आ रहे थे। शुक्रवार दोपहर को उसका शव पानी में बहते हुए मिला था। उन्होंने सिरसागंज पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया, स्वजन के आरोप को देखते हुए मामले से सिरसा गंज पुलिस को अवगत कराया गया है। सिरसागंज पुलिस आई भी थी। जांच के बाद ही तथ्य सामने आएंगे। कालीचरण के पुत्र गीतिमानंद ने तहरीर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *