वैक्यूम क्लीनर मशीन से रात में साफ की जाएंगी सड़कें
Sat, 12 Mar 2022
कानपुर शहर में उड़ती धूल की समस्या को देखते हुए अब नगर निगम वैक्यूम क्लीनर मशीन से शहर की सड़कों को साफ करेगा ताकि सफाई के दौरान धूल के कण न उड़ें। ये सफाई रात में की जाएगी ताकि सुबह लोगों को गंदगी के बीच से न निकलना पड़े।
भारत मिशन योजना के तहत शहर को साफ करने के साथ ही धूल मुक्त करने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम के पास चार रोड स्वीपर मशीन हैं। इसके अलावा वैक्यूम क्लीनर मशीन खरीदी जा रही है। यह मशीन धूल के कण के साथ ही सड़क पर फैली प्लास्टिक और कूड़े को भी खींच लेगी। इस मशीन से रात में अभियान चलाया जाएगा। परीक्षण के तौर पर घंटाघर से रात में सफाई अभियान शुरू किया गया। नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने घंटाघर चौराहे पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। घंटाघर से बिरहाना रोड की ओर जाने वाले मार्ग में सफाई कराई गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय संखवार, रबिश डिपो प्रभारी ए रहमान आदि मौजूद रहे।
कानपुर नगर निगम के एक-एक वाहन का कंप्यूटर में लेखा जोखा होगा। रखरखाव के नाम पर होने वाला खेल नहीं हो पाएगा। इसके लिए साफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। इस साफ्टवेयर के तहत वाहनों की सर्विस, रखरखाव, चालक व विभाग का विवरण रखा जाएगा।
नगर आयुक्त ने दिए आदेश
-रेट कांट्रैक्ट का सिस्टम तैयार कर टेंडर कराया जाए।
-परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
– वाहनों की पेंटिग कराई जाए।
– वाहनों की नियमित धुलाई के लिए योजना बनाई जाए।
– साफ्टवेयर पर डैशबोर्ड भी बनाया जाए।
– दस दिनों में 350 वाहनों का डाटा फीड हो जाए।
– संबंधित आपरेटर को साफ्टवेयर की ट्रेनिग दी जाए।
– भुगतान की पत्रावली में पारदर्शिता रखी जाए।
