पार्क में टहलने आईं महिलाओं से युवकों ने की छेड़छाड़, विरोध करने पर प्रधान के भाई पर ताना तमंचा
इटावा में लवेदी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नवादा खुर्दकला में गुरुवार की शाम पंचायत निधि से बने पार्क में घूमने आई महिलाओं से अश्लील हरकत गांव के ही कुछ लोगों द्वारा किए जाने का विरोध ग्राम प्रधान व उसके भाई द्वारा किया गया। इस पर आरोपित लोग उस समय तो घर चले गए लेकिन दोबारा आकर प्रधान के भाई पर तमंचा तानकर अभद्रता की। शुक्रवार की सुबह बकेवर से एक आरोपित युवक को पकड़कर लवेदी पुलिस को सौंपा गया।
ग्राम प्रधान नवादा खुर्दकला लोकेन्द्र सिंह फौजी ने लवेदी थाना पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम पंचायत निधि द्वारा गांव में एक पार्क बनाया गया है, जिसमें सुबह गांव के लोग व लड़के व शाम को महिलाएं टहलने आती हैं। गुरुवार की शाम करीब पांच बजे उनका छोटा भाई नवेन्द्र चौहान सैनिक पार्क में गया तब गांव के कुछ दबंग किस्म के लड़के आ गए और महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने लगे। भाई ने इसका विरोध करते हुए घर चले जाने को कहा। इसके बाद आरोपित घर चले गए लेकिन थोड़ी देर बाद तमंचा लेकर आए और तान दिया। जिसका कुछ अन्य लोगों ने वीडियो बना लिया। इसके बाद कहासुनी होने पर चले गए। जब आरोपितों के घरों पर शिकायत करने गए तो वे भाग गए। थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि जांच कर आरोपितों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
