दम्पत्ति को एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी

अयोध्या। अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ इलाज कराकर बाइक से घर वापस लौट रहे दम्पत्ति को एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। घायल होने के बाद मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई। जबकि उसके पति को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय से मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों ही शिक्षक थे।

प्राथमिक विद्यालय अम्बरपुर में तैनात लाल बहादुर यादव (28) अपनी पत्नी प्रीति यादव (26) को शहर में लेडी डॉक्टर को दिखाकर शनिवार शाम को बाइक से घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच अयोध्या से लखनऊ जा रहे एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रीति यादव की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर सती चौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। उसने ग्रामीणों की मदद से लाल बहादुर यादव को जिला चिकित्सालय भिजवाया। जहां पर इमरजेंसी में इलाज करने के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।

इस संबंध में रौनाही थाना प्रभारी आरके राना ने बताया कि घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया गया।अज्ञात वाहन दुर्घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *