कन्नौज। छत पर लेटे पालीटेक्निक कालेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मी को शनिवार देर रात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली पीठ पर मारी गई जो कि पेट में जाकर फंस गई। घायल को तड़पता देख तिर्वा मेडिकल कालेज लेकर गए, जहां से घायल को कानपुर रेफर कर दिया गया।
जलालाबाद के गांव डिगसरा निवासी विजय वर्मा जेल रोड स्थिति मां शीतला देवी इंटर कालेज की छत पर लेटे थे। उनके पास ही चचेरा भाई विनय, तीर्व निवासी कृष्ण कुमार और दीवान लेटे थे। चचेरे भाई ने बताया कि रात करीब 12 बजे विजय की पीठ पर किसी ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पास लेटे लोग चौंक गए। जब वे उठे तो उन्होंने देखा कि विजय लहूलुहान अवस्था में पड़ा है। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी स्कूल के प्रधानाचार्य अनुज वर्मा को दी। उन्होंने घायल को तिर्वा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। यहां से घायल कानपुर रेफर कर दिया गया। स्वजन ने बताया कि तीन दिन पहले गांव के ही युवक ने गली से न निकलने पर गोली मारने की धमकी दी थी। घायल विजय के भाई प्रताप सिंह ने बताया कि जब युवक ने गोली मारने की धमकी दी थी, तब उन्होंने जसोदा चौकी में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बताया कि उनका भाई पालीटेक्निक कालेज में चतुर्थ श्रेणी के पद पर है।
