चित्रकूट में मासूम की हत्या सिर और चेहरे पर पत्थर मार कर की गई थी। ऐसा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है। तंत्र मंत्र से गड़े धन को निकालने के लिए मासूम की बलि दी गई थी। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपित चाचा, चाची व एक अन्य से पूछताछ कर रही है। कर्वी कोतवाली में दर्ज गुमशुदगी के मामले को हत्या मेें तब्दील कर दिया गया है। उसमें चाचा-चाची समेत परिवार के छह सदस्यों को आरोपित बनाया गया है।
कर्वी कोतवाली की सीतापुर चौकी अंतर्गत राघवपुरी निवासी राम प्रयाग वर्मा के नौ वर्षीय पुत्र कन्हैया की हत्या कर दी गई थी। रविवार को तीन डाक्टर के पैनल के मासूम के शव का पोस्टमार्टम भारी सुरक्षा के बीच किया। वीडियोग्राफी भी हुई। सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर व चेहरे पर पत्थर मार कर हत्या की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मासूम के शव का सीतापुर में मंदाकिनी तट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
शव तुरंत उठा ले जाने से फैली टुकड़ों की बात-पुलिस को आशंका थी कि मासूम की हत्या के बाद हंगामा हो सकता है इसलिए जैसे ही खून से लथपथ शव ड्रम में मिला, तो बिना किसी देर किए उठाकर मर्चरी ले गई और वहां रखवा दिया। किसी ने शव को डिब्बे से निकाल कर नहीं देखा। उधर लोगों ने शव के टुकड़ों में कटे होने की बात फैला दी। जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
देर रात लोगों ने किया जमकर हंगामा – शव मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने सीतापुर यूपीटी तिराहे और रात में अमानपुर में हाईवे पर जाम लगाया दिया था। पुलिस को जाम हटाने के लिए देर रात लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस का कहना था कि आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया है। उसके बाद हल्का बल प्रयोग किया गया था।
नि:संतान है चाचा चाची- जिस दंपती भुल्लू व उर्मिला ने मासूम कन्हैया की तंत्र मंत्र में हत्या की है वह नि:संतान है। पुलिस इस एंगल पर भी पड़ताल कर रही है कि बलि उसने संतान प्राप्ति के लिए तो नहीं दी है।
यह था मामला – रत्नावली मार्ग में विसात खाना व चाय गुटका का डिब्बा करने वाले राम प्रयाग का 9 वर्षीय बेटा कन्हैया आठ फरवरी को घर से 20 रुपये लेकर सामान लेने चौगलिया बाजार गया था। तब से वह लापता हो गया था। शनिवार की शाम को भुल्लू के कमरे से दुर्गंध आ रही थी। उसकी भाभी ने भुल्लू से कहा कि कैसे बदबू आ रही तो वह कमरे में ताला लगाकर चला गया। शक होने पर उसकी भाभी ने पुलिस को बुलाया। ताला तोड़ कर पुलिस अंदर गई तो सन्न रह गई। एक प्लास्टिक के ड्रम से तेज दुर्गंध उठ रही थी उसको खोला तो उसमें मासूम कन्हैया का शव प्लास्टिक के छोटे ड्रम में मिला था।
