कानपुर देहात में फिर सजी नारियल की अद्भुत होली

कानपुर देहात में फिर सजी नारियल की अद्भुत होली, प्रदूषणमुक्त वातावरण का दे रही संदेश
Thu, 17 Mar 2022
कानपुर देहात के जुनेदपुर स्थित श्रीबालाजी दरबार में 14वीं नारियल की अद्भुत होली प्रदूषण मुक्त वातारण का संदेश देगी। कई दिनों से हजारों नारियल के माध्यम से तैयार की जा रही होली को अंतिम रूप दिया गया। गुरुवार सुबह दरबार में छप्पन भोग के साथ हवन-पूजन हुआ। रात्रि आठ बजे होलिका दहन किया जाएगा। इस दृश्य को देखने के लिए क्षेत्र के अलावा कई जिलों से श्रद्धालु आते हैं।

बीते वर्षों की तरह इस साल भी भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के जुनेदपुर स्थित श्री बालाजी दरबार में होलिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महंत कमल कांत के निर्देशन में भक्त कई दिनों से दरबार की सजावट रंगबिरंगी पन्नियों और झंडों से कर रहे। साथ ही कई हजार नारियल से अद्भुत होलिका तैयार करने में जुटे हैं। महंत ने बताया, गुरुवार सुबह आठ बजे सबसे पहले अकबरपुर तहसील के पातेपुर स्थित श्रीकैला माता मंदिर में छप्पन भोग के साथ झंडा पूजन होगा। इसके बाद जुनेदपुर स्थित श्रीबालाजी दरबार में छप्पन भोग, सवा मन का भोग, हवन-पूजन व नारियल भेंट कार्यक्रम संपन्न होगा। शाम आठ बजे रंग-बिरंगी रोशनी के बीच नारियल होली को आग लगाई जाएगी।

उन्होंने बताया, होली तैयार करने में करीब 80-90 हजार नारियलों का प्रयोग किया गया है, जिससे प्रदूषित वातावरण शुद्ध होने से लोगों को बीमारियों आदि से राहत मिलेगी। संरक्षक ओम प्रकाश शास्त्री ने बताया, यह नजारा देखने के लिए क्षेत्र, जिला सहित अन्य जिलों के लोग भी शामिल होते हैं। भक्त भी कार्यक्रम की सफलता को लेकर सहयोग करते हैं। होलिका दहन के बाद परिक्रमा व प्रसाद वितरित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *