बांदा में चलती ट्रेन से धक्का देकर युवक को नीचे फेंका, ग्रामीणों को ट्रैक पर तड़पता मिला
Thu, 17 Mar 2022
बांदा में होली का त्योहार मनाने घर जा रहे युवक को किसी ने चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद वह काफी देर तक रेलवे ट्रैक किनारे तड़पता रहा। ग्रामीणों की सूचना पर एंबुलेंस कर्मियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर भिजवाया है।
मध्य प्रदेश के जनपद सतना अंतर्गत ग्राम इचौला निवासी 30 वर्षीय रामकरन पुत्र ठाकुरदीन किसी ट्रेन में बैठकर घर जाने के लिए बांदा आ रहा था। मटौंध थाना क्षेत्र के ग्राम भूरागढ़ केन पुल के पास वह चलती ट्रेन से नीचे गिरकर घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे पटरी किनारे घायल पड़े देखा तो पुलिस व एंबुलेंस कर्मियों को सूचना दी। जिसमें आनन-फानन एंबुलेंस कर्मी इएमटी अनुज और चालक राजेश उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां कुछ होश आने पर रामकरन ने बताया कि वह अपने घर जा रहा था। यात्रियों ने उसे धक्का मारकर नीचे गिरा दिया है। हालांकि गंभीर घायल व बेहोशी की हालत होने पर वह किस ट्रेन से सफर करते समय हादसा हुआ है।
कहां से ट्रेन में बैठकर आ रहा था। इसकी वह जानकारी नहीं दे सका है। मटौंध थाना निरीक्षक अरविंद सिंह गौर ने बताया कि थाने में किसी ने घटना की सूचना नहीं दी है। इससे ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है।
