फर्रुखाबाद में होली पर मामा के घर आए युवक की गंगा में डूबकर मौत, घर में मचा कोहराम
Thu, 17 Mar 2022
फर्रुखाबाद में होली पर मामा के घर आया युवक नहाने के दौरान गंगा में डूब गया। ग्रामीणों ने युवक को गंगा से निकाल कर सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया।
जनपद फिरोजाबाद के गंगानगर निवासी महेश चंद्र की ससुराल कस्बा से सटे हुए गांव मकू नगला में है। महेश का 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस उर्फ कल्लू रविवार को मामा नीतू शंखवार के घर आया था। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे प्रिंस रिश्तेदारी के ही युवकों उजाला, काकू व ईशू के साथ जंजाली नगला गांव स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गया था। नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से प्रिंस व उजाला डूब गए। साथियों काकू व ईशू ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने उजाला को बाहर निकाला, जिसकी हालत ठीक थी।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद प्रिंस को भी निकाल लिया गया। हालत गंभीर होने पर मामा नीतू आदि लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए। नानी अनारकली व मामी आदि का रो-रोकर हाल बेहाल रहा। घटना की सूचना प्रिंस की मां दुलारी व पिता महेश को दी। प्रिंस तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।
