बच्चों को लेकर पानी टंकी पर चढ़े युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा

बच्चों को लेकर पानी टंकी पर चढ़े युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा,दो घंटे तक पुलिस के हाथ-पांव फूले
Sun, 20 Mar 2022
चित्रकूट के रैपुरा थाना अंतर्गत लौरी गांव में उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक युवक पत्नी और बच्चों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। करीब दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा कर रहे युवक ने पुलिस को छका दिया। इस दौरान टंकी के आसपास लोगों की भीड़ जमा रही और सभी उससे नीचे उतरने के लिए कहते रहे लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। आखिर पुलिस अफसरों के आश्वासन दिए जाने के बाद वह परिवार लेकर टंकी से नीचे उतरा।

रैपुरा थाना अंतर्गत लौरी निवासी नरेंद्र सिंह पटेल का पड़ोसियों से रास्ते को लेकर विवाद है। बताते हैं कि रविवार की सुबह करीब दस बजे भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। पड़ोसियों ने नरेंद्र सिंह पटेल और उसके परिवार को मारा पीटा था। उसने थाना पुलिस को सूचना दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बात से क्षुब्ध होकर दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे वह पत्नी और बच्चों को लेकर गांव में बनी पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया। उसके साथ दो बेटे और एक बेटी भी थी, जो टंकी के ऊपर बैठ गए। उसे टंकी के ऊपर चढ़ा देखकर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

टंकी पर चढ़ा नरेंद्र सिंह चिल्ला चिल्लाकर कहने लगा कि अगर मारपीट करने वाले पड़ोसियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह परिवार के साथ टंकी से कूदकर जान दे देगा। यह सूचना पुलिस तक पहुंची तो खलबली मच गई। रैपुरा थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह नागर भी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस कर्मी उससे बात करते हुए टंकी के ऊपर चढ़ गए और नीचे उतरने के लिए समझाया लेकिन वह तैयार नहीं था। डीएम व एसपी को बुलाने की जिद पर अड़ा है। बाद में पुलिस क्षेत्राधिकारी राजापुर एसपी सोनकर पहुंचे और पीड़ित परिवार को कार्रवाई का भरोसा देकर नीचे उतारा। सीओ ने बताया कि करीब साढ़े तीन बजे पीड़ित परिवार नीचे उतर आया है। उनका पड़ोसियों से रास्ते का विवाद है, जिसमें सुबह मारपीट हुई थी। पीड़ित से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *