सिकंदरा थाना क्षेत्र के बुधौली गांव स्थित मंदिर का जीर्णोद्धार कराने वाले पुजारी और कमेटी के लोगों के बीच संपत्ति कब्जे को लेकर मनमुटाव हो गया है। सोमवार को एसडीएम महेंद्र कुमार व सीओ रविकांत गौड़ ने पुलिस बल के साथ गए और दोनों पक्षों को समझाया। ग्रामीणों से भी जानकारी ली।
श्रीबांके बिहारी हरदेव जी के वर्षों पुराने मंदिर में वृंदावन धाम ट्रस्ट से जुड़े पुजारी बाबा संदीप कपूर वर्ष 2006 में आए थे। जीर्णशीर्ण अवस्था में पड़े मंदिर का उन्होंने वृंदावन धाम ट्रस्ट से धन लाकर वर्ष 2007 से 2010 के बीच जीर्णोद्धार कराया। इसके बाद वह वापस वृंदावन धाम लौट गए। मंदिर की देखरेख के लिए कमेटी गठित की गई थी। जीर्णोद्धार कराने वाले बाबा और कुछ ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व की मंदिर कमेटी ने भगवान की मूर्तियों के ऊपर लगे सोने, चांदी, हीरे आदि के आभूषण सहित लाखों रुपये की संपत्ति हड़प ली। वहीं दूसरे पक्ष ने बाबा संदीप कपूर पर मंदिर के स्वामित्व से हटाने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों में सोमवार तनाव की स्थिति बन गई। एसडीएम सिकंदरा महेंद्र कुमार व सीओ रविकांत गौड़ पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों की बात सुनने के साथ उन्हें शांत कराया। उन्होंने मामले की सच्चाई जानने के लिए ग्रामीणों से बात की। विवाद को खत्म करने के लिए उन्होंने शीघ्र नई कमेटी गठित करने का भरोसा दिया। एसडीएम ने बताया कि मंदिर स्वामित्व को लेकर जीर्णो द्धार कराने वाले बाबा और पूर्व गठित कमेटी के सदस्यों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद की स्थिति बन गई थी। ग्रामीणों के बीच बैठक कर नई कमेटी के गठन पर सहमति बनी है।
