एटा से अगवा युवक फर्रुखाबाद के बाग में बंधा पड़ा मिला, बोला-कार सवारों ने किया था अपहरण
Tue, 22 Mar 2022
फर्रुखाबाद में एटा का रहने वाला युवक संदिग्ध परिस्थितियों में आम के बाग में बंधा पड़ा मिला। युवक ने अपहरण कर यहां लाकर फेंके जाने की बात कही। पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। एटा पुलिस इसे नाटक बता रही है।
जनपद एटा थाना बागवाला के गांव भगवंतपुर निवासी शिवचरण का 35 वर्षीय पुत्र कुलदीप दो दिन पूर्व सुबह घर से निकला था। उसका आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया और रास्ते में मारपीट की।
मंगलवार सुबह थाना शमसाबाद के गांव धमगवा के निकट आम के बाग में कुलदीप पड़ा मिला। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे तथा मुंह में कपड़ा भरा था। सुबह खेतों में निकले ग्रामीणों ने युवक को पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हाथ-पैर खोलकर युवक से पूछताछ की और उसे सीएससी में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने थाना बागवाला पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे बागवाला थाना के उपनिरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि नौ मार्च को भी युवक अपहरण का नाटक कर चुका है। उस समय वह फर्रुखाबाद शहर में मिला था। उसका गांव में ही एक युवती से प्रेम प्रसंग है। युवक उसकी शादी भी नहीं होने दे रहा है। कुलदीप दो बच्चों का पिता भी है। जब यह बात खुल गई तबसे वह यह नाटक कर रहा है। तीन दिन पूर्व थाने पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। उपनिरीक्षक युवक को साथ लेकर एटा चले गए।
