चित्रकूट घूमने आई युवती से चार युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, पीड़िता ने दर्ज कराई नामजद रिपोर्ट
Tue, 22 Mar 2022
चित्रकूट घूमने आई युवती के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती ने पहाड़ी थाना में युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपित युवकों को युवती का परिचित बताया जा रहा है। घटना के बाद सभी आरोपित फरार हैं जबकि युवती को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। यह घटना पहाड़ी थाना क्षेत्र में बक्टा पेट्रोल पंप के पास खेत में बताई जा रही है।
26 वर्षीय युवती कौशांबी जनपद की रहने वाली है और वह अकेले चित्रकूट घूमने आई थी। युवती के मुताबिक रविवार को वह चित्रकूट घूमने अकेले आई थी। विभिन्न धार्मिक स्थलों में घूमने के बाद घर लौटने के लिए सोमवार को दिन में 12 बजे कर्वी बस स्टैंड में खड़ी थी और बस का इंतजार कर रही थी। तभी फतेहपुर जनपद के धाता निवासी चार युवक दो बाइकों से आए। वे उसके परिचित थे। उन्होंने उसे भी अपने साथ बाइक में यह कहकर बैठा लिया कि घर छोड़ देंगे। बताया कि दिन भर उसे कर्वी में ही घुमाते रहे। शाम को घर के लिए निकले। पहाड़ी में बक्टा पेट्रोल पंप के पास युवकों ने बाइकों को खड़ा कर दिया और लघु शंका को चले गए।
काफी देर तक जब उक्त नहीं आए तो वह उनको बुलाने पहुंची। युवती का आरोप है कि चारों युवक उसको खींच कर खेत में ले गए और बारी-बारी से दरिंदगी की। उसने विरोध किया तो मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए छोड़ कर चले गए। पहाड़ी थाना प्रभारी अजीत कुमार पांडेय ने युवती की तहरीर पर फतेहपुर धाता निवासी सुम्मू निषाद, गुलजारी लाल, राजाराम और दीपू के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किराया गया है। युवती के चारों आरोपित परिचित हैं। युवती शादीशुदा है अपने पति को वह छह साल पहले छोड़ चुकी है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
