उन्नाव में दारोगा-सिपाही से हाथापाई करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

उन्नाव के बेथर गांव में सत्यापन के दौरान सिपाही की वर्दी फाडऩे और दारोगा की रिवाल्वर छीनने का प्रयास करने वाले हिस्ट्रीशीटर राजेश पासी को अचलगंज पुलिस ने दबोच लिया है। उसके भाई को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपित पर दर्ज मुकदमे में सेवन क्रिमिनल ला एमेंडमेंट एक्ट की धारा बढ़ाते हुए जेल भेजा है।

एसपी के निर्देश पर जिले में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अचलगंज थाने की बेथर चौकी के प्रभारी राजेश कुमार दीक्षित हमराही सिपाही दिनेश पाल के साथ रविवार देर शाम इसी गांव के हिस्ट्रीशीटर राजेश पासी के यहां सत्यापन करने के गए थे। दरवाजे पर अपने भाई राजेंद्र के साथ बैठा राजेश पुलिस को देखकर भागने लगा तो उसे दौड़ाकर पकड़ा गया। इसी बीच उसके भाई राजेंद्र ने परिवार व पड़ोस की महिलाओं के साथ पुलिस पर हमला बोल दिया था। हिस्ट्रीशीटर राजेश भी पुलिस पर हमलावर हो गया। उसने सिपाही से हाथापाई की, जिससे उनके चेहरे व गर्दन पर चोट आई। साथ ही वर्दी फाड़ डाली।

सिपाही को बचाने आगे बढ़े दारोगा राजेश दीक्षित की सर्विस रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया था। फोर्स पहुंचने पर हिस्ट्रीशीटर भाग निकला था। उसके भाई राजेंद्र को पकड़कर जेल भेजा गया था। एसपी दिनेश त्रिपाठी ने अचलगंज प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार शुक्ला को जमकर फटकार लगाई थी। सीओ बीघापुर डीपी सिंह ने बताया कि उनके निर्देशन में लगी पुलिस टीम ने सोमवार देररात दूसरे राज्य भागने की तैयारी कर रहे हिस्ट्रीशीटर राजेश को कोलुहागाड़ा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अरविंद कुमार रघुवंशी, राम मिलन सोनकर, राहुल सैनी आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *