कानपुर देहात में यूपी बोर्ड परीक्षा में नकलचियों पर शिकंजा कसने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने सचल दल की छह सदस्यीय सात टीमें गठित की हैं। छह टीमें सक्रिय परीक्षा केंद्रों पर अचानक धावा बोलकर नकलचियों को दबोचने का काम करेंगी, जबकि एक टीम को आवश्यकतानुसार रिजर्व में रखा गया है। केंद्र स्तर पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा के समय पूरी सतर्कता से निगरानी करेंगे।
24 मार्च से हाईस्कूल के 26620 व इंटरमीडिएट के 23058 परीक्षार्थियों की बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक अरबिद कुमार द्विवेदी ने नकलचियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए मजबूत व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि नकल रोकने के लिए केंद्र स्तर पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट शुरू से अंत तक मौजूद रहकर पैनी नजर रखेंगे। जरा सी गड़बड़ी की आशंका व गड़बड़ी करने वालों की जानकारी उन्हें देंगे जिससे समय रहते व्यवस्था को सुधारा जा सके। वहीं औचक निरीक्षण के लिए कार्यालय स्तर से सचल दल की सात टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में एक प्रभारी, तीन सहायक व दो गार्ड तैनात किए गए हैं। सुरक्षा गार्ड के रूप में पुलिस व होमगार्ड हो सकते हैं। परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी किसी भी नकल माफिया के मंसूबे कामयाब नहीं होने दिए जाएंगे।
