कानपुर देहात के बरौर में फैक्ट्री कर्मी शिवम सचान की हत्या में एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नशेबाजी व कमेंट करने के विवाद में हत्या करने की बात उसने स्वीकार की है। वहीं मुकदमे में नामजद दो आरोपितों को पुलिस ने क्लीन चिट दी है।
किशोरपुर निवासी फैक्ट्री कर्मी 23 वर्षीय शिवम सचान 19 मार्च को बाजार से सामान लेने के लिए निकला था। सैदलीपुर गांव के बाहर विश्वनाथ की पान मसाला की गुमटी पर पहुंचा था। जहां डंडे से वारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। मां नीलम ने तीन आरोपितों सैदलीपुर के छोटू उस्ताद उर्फ देवेंद्र सचान, विश्वनाथ व कल्लू के खिलाफ शराब के लिए रुपये न देने पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने तीनों से पूछताछ व साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद छोटू उस्ताद को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया कि वह शिवम के साथ शराब पीता था और साथ उठते बैठते थे। लेकिन कुछ दिन से शराब पीने को लेकर उसके लगातार कमेंट करने से वह परेशान था। घटना के दिन भी शराब पीने के बाद उल्टा सीधा बोलने लगा। इसके बाद गुस्से में उसने यूकेलिप्टस के डंडे से ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी। उसने अकेले ही हत्या को अंजाम दिया। सीओ शिव ठाकुर ने बताया कि बाकी दोनों नामजद के हत्या में शामिल होने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। पकड़ने वाली टीम में थाना प्रभारी गंगा सिंह, एसआई बृजकिशोर, सिपाही मोनू, दीपक रहे।
