कानपुर देहात में लापरवाही उजागर होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने रसूलाबाद ब्लाक के तीन सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है साथ ही तीन का चालू माह का वेतन रोका और दो से स्पष्टीकरण तलब किया है। ताबड़तोड़ 12 ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर सफाई और उपस्थिति की हकीकत परखी और ग्रामीणों की रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई का सख्त फैसला लिया। लापरवाही सफाई कर्मचारियों के खिलाफ जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण की नजरें टेढ़ी हो गई हैं। सफाई कर्मचारियों की कार्य के प्रति लगातार बरती जा रही लापरवाही को संज्ञान लेते हुए डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण शुरू किया है। डीपीआरओ ने रसूलाबाद ब्लाक की 12 ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। लापरवाही पर जगम्मनपुर धीर के सफाई कर्मचारी बृजेश कुमार, लालगांव के जसवंत को और अजनपुर इंदौती के प्यारेलाल को निलंबित कर दिया साथ ही उसरी की रन्नो देवी, लाला भगत के हरीबाबू व असालतगंज आशाराम का मार्च माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की। वहीं पूरनपुरवा के गोविद और देवगांव चक्कर उर्फ निभू के मो. मुबीन से स्पष्टीकरण तलब किया है जबकि दशहरा सुजानपुर के सुरेश कुमार, सिठऊमताना के महावीर, सलेमपुर महेरा के रज्जन पाल को नियमित सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण संक्रामक रोगों का खतरा प्रबल रहता है ऐसी स्थिति न आए इसके लिए नियमित सफाई बेहद जरूरी है। डीपीआरओ नमिता शरण ने बताया कि रसूलाबाद के 12 ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया और लापरवाही पर तीन सफाई कर्मचारियों को निलंबित व तीन का मार्च का वेतन रोकने और दो से स्पष्टीकरण तलब किया है। एक ग्राम पंचायत में कर्मचारी की तैनाती नहीं होने के कारण एडीओ पंचायत को रोस्टर लगा सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी सुधरें वरना कठोर कार्रवाई की जाएगी।
2022-03-26
