सुबह घर में बेहोश मिले पति-पत्नी और चार बच्चे, गांव में अफरा तफरी

कानपुर देहात में रात को खाना खाकर सोए और सुबह घर में बेहोश मिले पति-पत्नी और चार बच्चे, गांव में अफरा तफरी
Sun, 27 Mar 2022
कानपुर देहात में सट्टी के दिबैर गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई जब रात में खाना खोकर सोए परिवार में पति-पत्नी और चार बच्चे बेहोशी की हालत में मिले। ग्रामीणों ने उन्हें आनन फानन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने परिवार को फूड प्वाइजिंग होने की बात कही है, वहीं पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है। ग्रामीणों ने खाने में किसी जहरीले कीड़े के गिरने और अनजाने में खाना खाने से परिवार की हालत बिगड़ने की बात कही है।

दिबैर गांव में रहने वाले किसान रामधनी मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनके साथ घर में 47 वर्षीय पत्नी रामदेई, बेटी 15 वर्षीय पूजा, नीतू, उर्मिला व बेटा राजकुमार रहते हैं। शनिवार रात के खाने में रामदेई ने आलू बैंगन की सब्जी व रोटी बनाई थी, जिसे खाने के बाद घर के सभी सदस्य सो गए थे। रविवार सुबह सभी के बेहोशी की हालत में मिलने से अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग भी जुट गए और ग्रामीण सभी को सीएचसी पुखरायां लेकर गए। डॉक्टरों के उपचार के बाद सभी हालत में सुधार हो गया।

सीएचसी में डाॅ. रमेश कुमार ने बताया कि समझ नहीं आ रहा कि खाना रात में खाया और तबीयत सुबह बिगड़ी। ताजी सब्जी भी बनाने की बात कही है, वहीं घर पर एक बेटी है, जिसकी तबीयत ठीक है। संभव है कि परिवार फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुआ है या फिर खाने में किसी कीड़े के गिरने से ऐसे हुआ है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। सट्टी थाना प्रभारी दीपक कुमार ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *