अफसरों की गाड़ी चेक करने वाला सपा कार्यकर्ता गिरफ्तार, रोक ली थी चुनाव प्रेक्षक की कार
Sun, 27 Mar 2022
कन्नौज विधान सभा चुनाव की मतगणना से पहले प्रेक्षक समेत अन्य आला अफसरों की गाड़ी रोककर चेक करने के मामले में नामजद आरोपित सपा कार्यकर्ता शोभित उर्फ घोचा यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह छेड़छाड़, मारपीट व जान से मारने की धमकी समेत कई अन्य मुकदमों में भी वांछित था। पुलिस ने उसे जेल भेजा है।
विधानसभा चुनाव की मतगणना 10 मार्च को निगम मंडी परिसर में हुई थी। इससे एक दिन पहले नौ मार्च की शाम को सपा कार्य कर्ता मंडी के बाहर एकत्र हो गए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर ईवीएम बदलने का आरोप लगाया था। पुलिस के मुताबिक, शहर के मोहल्ला रानीचाह निवासी शोभित यादव उर्फ घोचा ने चुनाव आयोग की ओर से भेजे गए सामान्य प्रेक्षकों की गाड़ी रोककर चेक की थी। उनके साथ जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र की कार को भी चेक किया गया था। पुलिस ने इस मामले में 47 सपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर सपाइयों को ट्रेस किया जा रहा है। इसमें मुख्य रूप से शामिल घोचा यादव को शनिवार को मकरंदनगर चौकी प्रभारी अरुण चौधरी ने कन्नौज सिटी स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया।
चौकी प्रभारी ने बताया, वह एक शातिर अपराधी है। उसके ऊपर घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस कई दिन से उसकी तलाश में जुटी थी। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार दुबे ने बताया, अफसरों की गाड़ी चेक करने के मामले में जिन लोगों को ट्रेस किया गया, उनकी गिरफ्तारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
