कानपुर में बंद मकान से हुई थी 4.50 लाख रुपये की चोरी, एक माह बाद दर्ज हुई एफआइआर
Sun, 27 Mar 2022
कानपुर के चकेरी में शातिर चोरों ने दिन दहाड़े बंद मकान से नकदी व जेवरात समेत करीब 4.50 लाख रुपये का माल पार कर दिया। घटना के बाद पीडि़त रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चौकी व थाने का चक्कर काटती रही। पीडि़त द्वारा मामले की शिकायत आलाधिका रियों से करने पर एक माह बाद चकेरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
जाजमऊ निवासी मुलायम की पत्नी ज्योति की तहरीर के आधार पर बीती 21 फरवरी को वह परिवार के साथ अपने देवर के घर गई थी। उनके मामा दुर्गेश घर पहुंचे तो उन्होंने ताला टूटा देखकर सूचना दी। उन्होंने घर आकर देखा तो पूरा सामान बिखरा था। चोरों ने दिनदहाड़े उनके मकान का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये के जेवरात, 30 हजार रुपये नकद व अन्य सामान पार कर दिया था।
आरोप है कि घटना के बाद वह जाजमऊ चौकी व चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के जाती रही लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उन्होंने आलाधिकारियों से मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी मधुर मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
