जूही बवाल में दो समुदाय के बीच मारपीट-पथराव के मामले में तीन उपद्रवियों को भेजा गया जेल

जूही बवाल में दो समुदाय के बीच मारपीट-पथराव के मामले में तीन उपद्रवियों को भेजा गया जेल, बाकियों की तलाश जारी
Sun, 27 Mar 2022
जूही लाल कॉलोनी में गुरुवार रात हुए बवाल में शामिल तीन आरोपियों को किदवईनगर पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। जेल भेजे गए आरोपियों में दो नामजद और एक वीडियो फुटेज के जरिये चिह्नित हुआ था। वहीं पुलिस ने फरार अन्य उपद्रवियों की तलाश में दबिश दी।

युवक-युवती के भाग जाने पर दो समुदाय के बीच मारपीट व पथराव हो गया था। मामले में पुलिस ने बजरंग दल के जिला सह संयोजक विशाल बजरंगी की तहरीर पर चार नामजद और 10 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने शुक्रवार देर रात नामजद आरोपी अरबाज, शादाब और बलवा के दौरान बने वीडियो फुटेज के जरिये चिह्नित आलम को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को तीनों को जेल भेज दिया। एसीपी बाबूपुरवा आलोक सिंह ने बताया कि फरार उपद्रवियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

घायलों ने मांगी सुरक्षा

विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय सह मंत्री राजीव पोरवाल व अन्य नेता उपद्रवियों के हमले से घायल विशाल बजरंगी, आकाश शुक्ला, सौरभ, संस्कार शर्मा के घर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की। इस दौरान घायलों ने बताया कि राष्ट्र विरोधी तत्वों की ओर से लगातार धमकियां मिल रही हैं, उन्होंने सुरक्षा की मांग की।

इस दौरान विहिप के प्रांतीय संगठन मंत्री मधुराम, जिला संरक्षक रमेश अग्निहोत्री, कार्याध्यक्ष संत सिंह, जिलामंत्री रौनक पांडेय, विभाग विद्यार्थी प्रमुख सौरभ शुक्ला, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख वैभव अग्रवाल समेत अन्य स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *