औरैया में सोमवार की शाम अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मुरादगंज- फफूंद मार्ग पर महराज पुर गांव के समीप दो बाइक आमने-सामने जा भिड़ीं। इसमें ब्यौरा गांव निवासी अपनी बहन को ससुराल छोड़कर लौट रहे भाई व उसके मित्र की मौत हो गई। जबकि दूसरे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के लिए रेफर कर दिया। उधर, मृतकों के स्वजन को हादसे की जानकारी मोबाइल फोन के जरिये दी गई। रोड पर पड़े शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया l
कानपुर देहात जनपद के गांव जरीमौजा किशनपुर निवासी तकरीबन 36 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र रामसेवक 40 वर्षीय अमर सिंह पुत्र ठाकुर प्रसाद व उसकी बहन के साथ बाइक से अजीत मल कोतवाली क्षेत्र के ब्यौरा गांव में अपनी बहन की ससुराल आया हुआ था। जहां उसे छोड़ दोनों बाइक से कानपुर देहात लौट रहे थे। मुरादगंज-फफूंद मार्ग पर महराजपुर गांव समीप विपरीत दिशा में आ रही बाइक से हुई भिड़ंत में प्रदीप व अमर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक सवारों में अभिलाख पुत्र लक्ष्मी चंद्र व चरण सिंह पुत्र नरेश निवासीगण हर सहाय का पुरवा गांव गंभीर रूप से घायल होगए। दोनों मुराद गंज एक ट्रेवल्स एजेंसी बस में टिकट के लिए जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के स्वजन ने बताया कि वह अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करते हैं। होली पर घर आए थे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। जहां से सैफई रेफर किया गया है। उधर, हादसे में कानपुर देहात जनपद निवासी दोनों युवकों की मौत हो गई है। क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लिया गया है। उधर, भाई की मौत का पता लगने पर उसकी बहन स्वजन के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। सभी का रो-रोकर हाल बेहाल था। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के पीछे का कारण बाइकों में हुई भिड़ंत है। मृतकों के स्वजन को सूचना दी गई है। उनके द्वारा कोई तहरीर देने पर जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
