आधी रात से अधिकतम 95 रुपये बढ़ जाएगा टोल, यहां देखें- कानपुर के आसपास छह टोल प्लाजा की नई रेट लिस्ट
Thu, 31 Mar 2022
कानपुर के आस-पास अब राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) पर सफर करना महंगा हो जाएगा। 31 मार्च यानी गुरुवार रात 12 बजे से टोल प्लाजा पर नई बढ़ी हुई दरें लागू हो जाएंगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मुख्यालय से उन्नाव के नवाबगंज, कानपुर के अलियापुर, कानपुर देहात के बारा, औरैया के अनंतराम, जालौन के आटा, महोबा के खन्ना टोल प्लाजा पर नई दरों की सूची चस्पा कर दी गई है। राहत की बात यह है कि कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बड़ौरी और कटोघन टोल प्लाजा पर फिलहाल टोल नहीं बढ़ाया जा रहा है, क्योंकि सिक्स लेन निर्माण का कार्य चल रहा है।
सड़क मार्ग से लखनऊ, दिल्ली, झांसी, कानपुर-सागर हाईवे पर अपनी कार से टोल प्लाजा से गुजरने पर जेब हल्की करनी पड़ेगी। उन्नाव के नवाबगंज और औरैया के अनंतराम टोल प्लाजा पर एक तरफ की यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए 10 से 60 रुपये तक अतिरिक्त टोल देना पड़ेगा। इसी तरह, कानपुर देहात के बारा टोल प्लाजा से गुजरने पर एक तरफ की यात्रा के लिए 15 से 95 रुपये तक अतिरिक्त टोल अदा करना पड़ेगा। कानपुर-सागर हाईवे पर घाटमपुर के अलियापुर टोल से एक तरफ की यात्रा के लिए 5 से लेकर 30 रुपये तक बढ़ाए गए हैं। इसी तरह महोबा के खन्ना टोल प्लाजा में न्यूनतम टोल यथावत है, जबकि अधिकतम में 30 रुपये की वृद्धि की गई है।
मासिक पास का शुल्क भी बढ़ाया :
टोला प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले चार पहिया निजी वाहनों के लिए मासिक पास अभी तक 285 रुपये का बनाता था। अब पहली अप्रैल से मासिक पास 315 रुपये का होगा। यह शुल्क फास्टैग से अदा करने वाले वाहनों पर ही मान्य होगा।
केंद्र सरकार के निर्देश पर उन्नाव के नवाबगंज, घाटमपुर के अलियापुर, कानपुर देहात के बारा, औरैया के अनंतराम, जालौन के आटा और महोबा के खन्ना टोल प्लाजा में नई दरें गुरुवार मध्य रात्रि से लागू कर दी जाएंगी। टोल की सुविधाएं पूर्व की तरह ही मिलती रहेंगी। इसमें किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया गया है।- पंकज मिश्रा, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ कानपुर इकाई।
वाहन – नवाबगंज – अनंतराम – बारा – अलियापुर – खन्ना – आटा टोल प्लाजा
कार/जीप/हल्के वाहन – 90 -100 -165 – 50 – 50 – 100
24 घंटे में वापसी पर – 130 – 150 – 250 – 75 – 80 – 150
हल्के वाणिज्यिक वाहन/मिनी बस – 140 – 160 – 260 – 80 – 85 – 165
24 घंटे में वापसी पर – 215 – 240 – 390 – 120 – 125 – 245
बस/ट्रक – 295 – 340 – 530 – 165 – 180 – 340
24 घंटे में वापसी पर – 445 – 505 – 795 – 245 – 265 – 510
थ्री एक्सल वाणिज्यिक वाहन – 325 – 370 – 580 – 260 – 280 – 370
24 घंटे में वापसी पर – 485 – 555 – 865 – 390 – 420 – 555
फोर से सिक्स एक्सल वाहन – 465 – 530 – 815 – 260 – 280 – 535
24 घंटे में वापसी पर – 700 – 795 – 1220 – 390 – 420 – 800
सेवेन एक्सल व अधिक – 565 – 645 – 1030 – 315 – 340 – 650
24 घंटे में वापसी पर – 850 – 965 – 1545 – 470 – 510 – 975
नोट = शुल्क रुपये में है।
