मजदूरों के पानी व स्वास्थ्य किट की हो व्यवस्था : सीडीओ

कानपुर देहात में मनरेगा कार्यों की हकीकत परखने के लिए गुरुवार सीडीओ सौम्या पांडेय ने मलासा ब्लाक के कई गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मजदूरों की उपस्थित का पता लगाने के लिए मस्टर रोल की बारीकी से जांच की और मजदूरों से रूबरू हुईं। उन्होंने धूप में काम कर रहे मजदूरों के लिए पानी व स्वास्थ्य किट की व्यवस्था दुरुस्त रखने और समय भुगतान के निर्देश दिए।

सीडीओ सौम्या पांडेय ने मलासा ब्लाक के देव ब्रह्मपुर, ततारपुर, कुंअर पुर में चल रहे मनरेगा कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता व मजदूरों की उपस्थित जांची। उन्होंने नाली की साफ-सफाई, चकरोड में मिट्टी भराई कर रहे मनरेगा मजदूरों से बातचीत कर समस्याएं भी सुनी। जाब कार्ड और मस्टर रोल की जांच की। डीसी मनरेगा हरिश्चंद्र को निर्देश दिए कि मजदूरों को किसी प्रकार की समस्या ना होने पाए, उनकी प्रत्येक दिन की उपस्थिति मनरेगा जाब कार्ड में अवश्य दर्ज की जाए और मजदूरी का भुगतान समय से किया जाए। पंचायत सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि मजदूरों की उपस्थिति मोबाइल पर भी दर्ज की जाए, मजदूरों के लिए पानी, स्वास्थ्य किट कार्य करने के समय अवश्य उपलब्ध रहे। उन्होंने मजदूरों को बताया कि अभी तक प्रतिदिन 204 मजदूरी दी जा रही थी, एक अप्रैल 2022 से 213 रुपये की दर से मजदूरी मिलेगी। इस मौके पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा सर्वेश कुमार, बीडीओ मलासा सच्चिदानंद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *