पिंटू सेंगर हत्याकांड: रिहाई के दिन लगा रासुका, जेल में ही रहेगा गैंगस्टर सऊद अख्तर

कानपुर l हाल ही में गैंगस्टर केस में जमानत मिलने के बाद गुरुवार को जेल से बाहर आने की तैयारी कर रहे गैंगस्टर सऊद अख्तर को रिहाई से कुछ घंटे पहले बड़ा झटका लगा। गुरुवार को पुलिस की कवायद के बाद डीएम ने उसपर रासुका लगा दिया।

पिछले कई महीने से फाइल अटकी पड़ी थी। सऊद फिलहाल जेल से रिहा नहीं हो सकेगा। चकेरी में 20 जून 2021 को बसपा नेता व हिस्ट्रीशीटर पिंटू सेंगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने सऊद अख्तर, महफूज अख्तर, पप्पू स्मार्ट समेत 14 हत्यारोपियों को जेल भेजा था।

उनमें से कइयों को जमानत हो चुकी है। पुलिस ने सऊद अख्तर पर रासुका लगाने के लिए फाइल तैयार कर भेज दी थी। लेकिन, अभियोजन से संबंधित अफसर उसको लटकाए हुए थे। ऐसा वादी का आरोप है। कुछ दिन पहले सऊद अख्तर को हत्या के बाद गैंगस्टर मामले में भी जमानत मिल गई थी।

वह गुरुवार को रिहा होने वाला था। पिंटू के भाई धर्मेंद्र ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर, डीएम से लेकर सीएम तक प्रार्थना पत्र दिया, जिसको संज्ञान में लिया गया और गुरुवार दोपहर को सऊद पर रासुका के तहत कार्रवाई कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *