आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी कार, युवती की मौत, मासूम समेत पांच घायल
,Fri, 01 Apr 2022
बिल्हौर में लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस वे पर किमी- 211 खड़ैचा गांव के पास कन्नौज की ओर जा रही आल्टो कार अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी लेन पर पलट गई। हादसे में कार सवार मासूम समेत छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची यूपीडा की एंबुलेंस घायलों को सीएचसी ले गई। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने एक युवती को मृत घोषित कर दिया।
कन्नौज के तिर्वा के लोहामढ क्षेत्र के रजईमऊ राजा गांव निवासी 25 वर्षीय दीपक सिंह ने बताया कि वह फिजियोथैरेपिस्ट हैं और कानपुर के काकादेव में किराए पर कमरा लेकर 22 वर्षीय पत्नी सोनाली व डेढ़ वर्षीय पुत्री अनुराधा सिंह के साथ रहते हैं। एक सप्ताह पूर्व 62 वर्षीय पिता विजयपाल सिंह पुत्र गुरबख्श सिंह व 58 वर्षीय मां सुनीता उनसे मिलने कानपुर आईं थीं। शुक्रवार शाम वह पत्नी, पुत्री व कानपुर के पीएसी मोड़ डी आलम पुलिया जीटी रोड निवासी 19वर्षीय साली सोनाली सिंह के साथ माता पिता को कार से गांव छोड़ने जा रहे थे। अरौल कट से वह एक्सप्रेस वे पर चढ़े थे। कुछ दूर चलने के बाद किमी- 211 पर अचानक पिछला टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी लेन पर पलट गई। हादसे में सभी लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी ले गई। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने सोनाली को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद विजयपाल व सुनीता को कानपुर एलएलआर रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर धनेश प्रसाद ने बताया कि स्वजन को सूचना भेज दी गई है। उनके आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन बाद युवती की थी मुंह दिखाई
घायल दीपक सिंह ने बताया कि हादसे में मृत साली की शादी के लिए बातचीत चल रही थी। तीन दिन बाद लड़के वाले सोनाली को देखने आने वाले थे। लेकिन हादसे ने खुशियां छीन ली। अब ससुराल वालों को क्या बताएंगे।
