यूपी विधानसभा अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था को लेकर अफसरों को दिए निर्देश

यूपी विधानसभा अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था को लेकर अफसरों को दिए निर्देश, मां गंगा की उतारी आरती
Sun, 03 Apr 2022
कानपुर में यूपी विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शनिवार को सर्किट हाउस में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने कमिश्नरेट और आउटर के अधिकारियों को शहर की कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद शहर आए सतीश महाना ने नवरात्र और रमजान के मद्देनजर आइएएस और आइपीएस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी नेहा शर्मा, आउटर से एडीजी जोन भानु भास्कर, कमिश्नरेट से पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना, संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी, अपर पुलिस आयुक्त आनंद कुलकर्णी शामिल हुए थे। हालांकि मंडलायुक्त डा. राज शेखर अवकाश पर होने के चलते बैठक में नहीं आए थे। 15 मिनट की बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से मुलाकात करने के बाद शहर के माहौल और कानून व्यवस्था की जानकारी ली।

गंगा आरती में दिखा काशी का नजारा :

भारतीय नव वर्ष और नवरात्र के पहले दिन शनिवार शाम अटल घाट पर गंगा आरती में काशी का नजारा देखने को मिला। आरती में मंत्रोच्चारण और भक्तों के जयकारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और महापौर प्रमिला पांडेय ने मां गंगा की आरती करके किया। आरती पूजन व गंगा में दीपदान के मनोहारी दृश्य ने हर किसी को आकर्षित किया। अटल घाट पर गाय के बनाए गए दीपकों की रोशनी से भव्य सजावट की गई। छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोली ने सभी का मनमोह लिया। मां गंगा की आरती में भक्तों के उत्साह व जयकारों ने वातावरण को काशी सा स्वरूप प्रदान किया। नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन, अपर नगर आयुक्त सूर्यकांत त्रिपाठी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *