आग से कई किसानों की गेहूं की फसल जली

कानपुर देहात जिले के सिकंदरा, रूरा व डेरापुर समेत अन्य क्षेत्र में बिजली तारों से निकली चिगारी से गेहूं की गई बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने नलकूप चलाकर व दमकल कर्मियों ने भी पहुंचकर किसी तरह से आग को बुझाया। पुलिस व लेखपाल ने पहुंचकर जांच की।

सिकंदरा तहसील क्षेत्र के हिसावा निवासी राजेंद्र के खेतों के ऊपर से निकली 11 हजार लाइन निकली है। सोमवार अचानक तार टूट कर गिरने से गेहूं की फसल में आग लग गयी। खेत से आग की लपटें निकलती देख ग्रामीणों ने नलकूप चला कर आग बुझाने का काम शुरू किया जब तक आग काबू हुई एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लेखपाल समीर शुक्ला ने बताया कि करीब एक बीघा गेहूं की फसल जली है। उधर अकबरपुर तहसील क्षेत्र के असंदा गांव में बिजली के तारों की चिगारी से किसान पुत्तन पांडेय की दो बीघा गेंहू की फसल जलकर खाक हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग को काबू किया। लेखपाल सरमन कुमार ने बताया कि क्षति का आकलन कर तहसील को रिपोर्ट भेजी जा रही है। डेरापुर तहसील के मंगलपुर थाना के लगरथा गांव में संदिग्ध हालातों में सियाराम गुप्ता के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लगने से दो बिस्वा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने निजी नलकूप चलाकर आग पर काबू पा लिया जिससे बाकी की फसल बच गई। लेखपाल देवराज सिंह ने बताया कि लगरथा निवासी सियाराम गुप्ता का एक बीघा खेत गांव के राजेंद्र बटाई पर लिए है खेत में गेहूं की फसल खड़ी है खेत में आग लगने से दो बिस्वा फसल जली। उधर नैनापुर गांव के किनारे जटियापुर विद्युत सब स्टेशन से खेतों से होकर निकली हाईटेंशन लाइन के लटक रहे तारों से अचानक हवा में स्पार्किंग होने के बाद उसके चिगारी से नीचे गेहूं के खेत में आग लग गई। ग्रामीणों ने आनन फानन आग बुझाने के प्रयास के साथ ही मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर स्टेशन प्रभारी मुकेश कुमार मौर्य चालक राम सिमरन यादव, कांस्टेबल करण सिंह, राजेश बाबू, अनिल कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर जब तक काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक किसान शिवशंकर की साढ़े तीन बीघा, राम आसरे की ढाई बीघा रामशंकर की साढ़े तीन बीघा, अखिलेश की ढाई बीघा, लालमन की ढाई बीघा, रामसिंह की तीन बीघा, साहेब लाल ढाई बीघा, गिरजेश वर्मा की साढ़े चार बीघा सहित लगभग 26 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। वहीं जमुआ गांव में नलकूप के पास रखे ट्रांसफार्मर से उठी चिगारी से खेत में आग लग गई। इससे किसान बैजनाथ व विनय कुमार की एक एक बीघा गेहूं की फसल जल गई। उपजिलाधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि आग जलने से गेहूं की फसलें जलने की जानकारी मिली है, रिपोर्ट के आधार पर मदद होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *