भोगनीपुर कोतवाली के मऊ खास गांव में खेतों में पड़ी चना की फसल चोरी करने के विवाद में दो पक्षों में लाठियां चलने से दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए।
मऊ खास गांव के रघुवीर पाल ने बताया कि रविवार शाम उसने अपने चना की फसल काटकर खेत में डाल दी थी। रात के समय खेत में बगल में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले जालौन जनपद के आटा थानांतर्गत कुशमरा गांव निवासी भूरा, झांसी जनपद के कोंच थानांतर्गत सेरसा गांव के खेमराज, उसकी पत्नी सीमा और गांव के ही अमर सिंह ने उसकी चना की फसल चुरा ली। सोमवार को उसने उलाहना दिया तो इन लोगों ने उसे गालियां देते हुए लाठी-डंडे से हमला कर लहू लुहान कर दिया। बचाने आए पुत्र शनी पाल को भी लाठियां मारकर लहूलुहान कर दिया। दूसरे पक्ष के खेमराज ने बताया कि फसल चोरी का झूठा आरोप लगाकर रघुवीर गालियां देने लगा। विरोध करने पर रघुवीर, उसके पुत्र शनी पाल ने लाठियों से पीटना शुरु कर दिया। बचाने आई पत्नी शीला व गांव के भूरा को भी लाठियां मारकर लहूलुहान कर दिया।अमरौधा चौकी इंचार्ज सीपी तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
