क्राइम ब्रांच ने भी शुरू की लाकर मामले की जांच, एसआइटी पहले से जुटा रही साक्ष्य
Wed, 06 Apr 2022
कानपुर की सेंट्रल बैंक के लाकर से जेवर चोरी होने के मामले में एसआइटी (विशेष जांच दल) की जांच के साथ-साथ क्राइम ब्रांच ने भी मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार को क्राइम ब्रांच के विशेषज्ञ बैंक पहुंचे और पूछताछ करके साक्ष्य एकत्र करने की कोशिश की।
लाकर से जेवर चोरी के मामले जैसे-जैसे बढ़ रहे हैं, पुलिस के सामने इस घटना के पर्दाफाश की चुनौती भी बढ़ रही है। इस प्रकरण में पहले ही एसीपी कोतवाली अशोक कुमार के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया जा चुका है। अब बुधवार से क्राइम ब्रांच ने भी जांच शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच की चार सदस्यीय टीम बैंक पहुंची। उन्होंने वहां पर सीसीटीवी फुटेज, इंट्री रजिस्टर, कर्मचारियों के नाम, मोबाइल नंबर और काम के बारे में पूछताछ की।
हिरासत में लेकर बैंक मैनेजर व कर्मचारियों से की जाए पूछताछ
बैैंक लाकरों से ज्वैलरी व अन्य कीमती सामान गायब होने की शिकायत कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस आयुक्त से मिले। उनके साथ वे पीडि़त भी मौजूद रहे जिनके लाकर टूटे थे। व्यापारियों ने कहा कि सेंट्रल बैंक कराचीखाना शाखा के मैनेजर से लेकर हर कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए। कानपुर में यह सबसे बड़ी बैंक डकैती है।
व्यापार मंडल के महामंत्री विनोद गुप्ता की अगुआई में व्यापारी व पीडि़त पुलिस आयुक्त के आवास पहुंचे। विनोद गुप्ता ने पुलिस आयुक्त से कहा कि तीन दिन के अंदर पूरे प्रकरण का पर्दाफाश किया जाए। बैंक प्रबंधक व कर्मियों से पूछताछ की जाए। नौघड़ा कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष शेष नारायण त्रिवेदी व विजय पंडित ने कहा कि पीडि़तों को न्याय मिलने तक व्यापारी खामोश नहीं बैठेंगे। व्यापारियों ने कहा कि तीन दिनों में घटना का राजफाश नहीं होता है तो पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय वित्तमंत्री से मुलाकात की जाएगी। शहर भर के बैंक बंद कराने के लिए आंदोलन चलाया जाएगा। पीडि़त मीना यादव व निर्मला तहल्यानी पुलिस आयुक्त के सामने रो पड़ीं। व्यापारियों ने बताया कि पुलिस आयुक्त ने विजिलेंस टीम को पूरे प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर टीकम चंद्र सेठिया, राजेश गुप्ता, ईश्वर वर्मा, रोशन लाल अरोड़ा, शीबू गुप्ता, सीपी ओमर, विजय गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
