पढ़े कानपुर और आस-पास के जिलों की पांच बड़ी खबरें

पढ़े कानपुर और आस-पास के जिलों की पांच बड़ी खबरें, जो दिनभर बनी रही सुर्खियों में…
Wed, 06 Apr 2022
वैसे कानपुर और आसपास के जिलों में दिनभर में कई खबरें निकलकर सामने आती हैं। लेकिन उनमें से कुछ ऐसी खबरें भी होती हैं जो सुर्खियां बन जाती हैं और परोक्ष व अपरोक्ष रूप से लोगों की जिंदगी में प्रभाव छोड़ती हैं।

1.कानपुर की सड़कों पर सुबह पांच बजे निकले अफसर जानिये क्यों?

नगर विकास मंत्री एके शर्मा के अादेश पर सुबह पांच बजे ही अफसर व कर्मचारी सड़कों पर उतर गए। सड़कों, गलियों व नालियों के साथ ही कई जगह पार्कों की भी सफाई शुरू हो गई। इसके अलावा सुबह ही कूड़ाघरों के बाहर फैली गंदगी भी उठने लगी। सुबह जब लोग घरों के बाहर निकले तो सफाई देखकर दंग रह गए। दरअसल सुबह पांच से अाठ बजे सफाई के अादेश दिए गए है। इसकी मानीटरिंग लखनऊ से खुद नगर विकास मंत्री अौर अपर मुख्य सचिव कर रहे है। सफाई कार्य में लगे अफसरों के मोबाइल नंबर, पद अौर किस वार्ड में लगे है इसका ब्यौरा पहले ही मांग लिया गया है। लखनऊ में बने लाइव मानीटरिंग कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जा रही है। सेंटर से बैठकर सीधे संबंधित अफसर से बात की जा सकती है। जिसे बाद कानपुर नगर निगम के अफसर और कर्मचारी सुबह-सुबह सड़कों पर दिखाई दिए।

2. चित्रकूट के जंगल में लगी भीषण आग

मानिकपुर के रानीपुर वन्य जीव विहार के निही चिरैया व बेधक जंगल में भीषण आग लग गई। बुधवार को आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। धूं-धंकर जल रहे पेड़ से उठ रहीं लपटे दूर से देखी जा सकती थी। इस दौरान जंगल में पशु-पक्षी जंगल से बाहर भागते रहे। बताया जा रहा है कि सूरज की तपिश से सूखी घास और पत्तों पर आग लगी है। गर्मी बढ़ने के बाद बीते एक सप्ताह से पाठा के विंध्य पर्वत श्रंखला में रानीपुर वन्यजीव विहार के आधा दर्जन जंगलों मे आग सुलगना शुरू हो गई थी। जंगल में आग की तेज लपटों से जीव जंतुओं के झुलसने की संभावना है।

3. कन्नौज में अखिलेश यादव ने चाचा पर तोड़ी चुप्पी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने भाजपा को लोकतंत्र का सीरियल किलर बताया है और कानपुर के लाकरकांड पर भी घेरा है। उन्होंने कहा कि अभी तक ब्याज की लूट की और अब भाजपा वाले लाकर लूट रहे हैं। वह बुधवार की दोपहर एमएलसी चुनाव को लेकर बैठक करने कन्नौज आए थे। उन्होंने बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता की और शिवपाल के भाजपा में जाने के सवाल पर दो टूक जवाब दिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में लूटने वाली पार्टी है भाजपा जिसको लोकतंत्र का सीरियल किलर बताते हुए उन्होंने कहा कि हर चुनाव में अफसरों साथ लेकर भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन का साथ लेकर एमएलसी चुनाव में भी सपा के उम्मीदवारों को रोकने का आरोप लगाया। कानपुर लॉकर मामले में भी भाजपा पर हमला बोला और कहा कि अभी तक ब्याज लूटा जा रहा था और अब लॉकर लूट रहे हैं। अब हर जिले में बैंक लॉकर से लूट होगी।

4. कानपुर में सेंट्रल बैंक का दो और लाकर खाली

सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की कराचीखाना शाखा में लॉकर खाली निकलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अबतक दो सौ लाकरों को खुलवाने के बाद बुधवार को दो और लाकर खाली निकले हैं। अबतक कुल नौ लाकरों से सवा तीन करोड़ के जेवर चोरी हो चुके हैं। बुधवार को खाली मिले दो लाकरों से तरकीबन साठ लाख के जेवर गायब हैं। बुधवार को लाकर खाली देखकर पीड़ित बैंक ग्राहकों के आंखों से आंसू निकल आए। लाकरों से ज्वैलरी गायब होने से गुस्साए ग्राहकों ने हंगामा किया, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

5. औरैया डीएम की संपत्तियों पर कसा शिकंजा

भ्रष्टाचार, पद का दुरुपयोग कर करीबियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के मामले में शासन से निलंबित किए गए डीएम सुनील कुमार वर्मा की संपत्तियों की जांच तेज हो गई है। उनके कार्यकाल में बालू खनन से जुड़ी फर्मों, उसके पार्टनरों को मिले लाभ की पड़ताल की जा रही है। मंगलवार को साढ़े सात घंटे औरैया में रहीं कानपुर व लखनऊ की विजिलेंस टीमों ने ब्योरा जुटाते हुए तमाम दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। मध्य प्रदेश, आगरा, कानपुर, जालौन से दिल्ली तक खनिज परिवहन को लेकर भी नजर डाली है। उधर, मंगलवार देर रात विजिलेंस टीम के लौट जाने से बुधवार को सन्नाटा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *