वाहन की टक्कर से टूटा पोल, 100 गांवों की 13 घंटे बिजली गुल

झींझक में कठिका से नवीन बिजली उपकेंद्र लगरथा रोड झींझक आने वाली 33केवी लाइन का पोल जैतीपुर गांव के पास किसी वाहन की टक्कर से टूट गया। इससे झींझक के दो मोहल्ले व 100 गांवों की बिजली आपूर्ति करीब 13 घंटे बाधित रही। इससे गर्मी में सभी परेशान हो गए। नया पोल लगने के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी।

मंगलवार की रात कठिका पारेषण केंद्र से नवीन उपकेंद्र झींझक आने वाली 33केवी लाइन के पोल में जैतीपुर गांव के सामने किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे पोल टूटकर पास के पेड़ पर टिक गया। इससे मंगलवार देररात 12 बजे बिजली उपकेंद्र के मंगलपुर, अकारु, औरंगाबाद, कांशीराम व भोलानगर फीडरों से जुड़े झींझक के भोलानगर व खानपुर रोड मुहल्लों व मुंडेरा, गौरी, चिरखिरी, परजनी, दयाकापुरवा, लगरथा, लालपुर, नसीरपुर समेत 100 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे पूरी रात छतों व बाहर टहलकर लोगों को गुजारना पड़ा। आस थी कि बुधवार सुबह बिजली आ जाएगी पर नहीं आई। पेयजल के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ा और हैंडपंप से पानी भरते रहे। कई घर के बच्चे भी इस चक्कर में स्कूल न जा सके। मोबाइल फोन भी लोगों के स्विच आफ हो गए। इधर, कर्मियों ने नया पोल लगाया और बुधवार की दोपहर एक बजे बिजली आ सकी। इसके बाद राहत की सांस ली। भोलानगर के सर्वेश, खानपुर रोड के नरेश, मुंडेरा के उमाकांत, लगरथा के नीरज सिंह ने बताया भीषण गर्मी में लगातार बिजली न आने से परेशानी का सामना करना पड़ा है। जेई आरबी बाथम ने बताया कि किसी वाहन की टक्कर से पोल टूटा था उसे सही करा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *