रसूलाबाद में किसान इंद्रपाल भदौरिया आत्महत्या प्रकरण में जांच समिति ने बुधवार को चकबंदी अधिकारियों व कर्मचारियों एवं राजस्व कर्मियों की टीम के साथ नक्शे के अनुरूप पैमाइश की। जांच रिपोर्ट डीएम जेपी सिंह को सौंपी जाएगी।
मामले की जांच के लिए वित्त एवं राजस्व एडीएम जेपी गुप्ता की अगुवाई में जिला खनन अधिकारी अजय कुमार एवं झींझक के ईओ पवन कुमार मौर्य की सदस्य टीम गठित की गई थी। इसके चलते जांच टीम ने बुधवार को तालाब खोदाई वाले स्थल की नापजोख की। नापजोख के समय एडीएम जेपी गुप्ता, एसडीएम जीतेंद्र कटियार, तहसीलदार राजकुमार चौधरी, नायब
तहसीलदार मनोज रावत, कानूनगो परमाल सिंह सेंगर, लेखपाल रविद्र सिंह, उत्तम गौड़, विमल शुक्ला व चकबंदी अधिकारी अपनी टीम मौजूद रहे। वर्ष 1982 में चकबंदी के पश्चात बनाए गए नक्शे को भी एडीएम साथ में लाए थे इसके अनुरूप तालाब जिस स्थान पर खोदा गया है वह गाटा संख्या 2086 है, जिसमें खलिहान व एक कास्त कार को पट्टा किए जाने का भी उल्लेख किया गया था। इसके चलते पूरे रकबे की पैमाइश की गई । खलिहान व पट्टा आवंटित किसान की जमीन भी यथा स्थान पाई गई और तालाब के नाम पर दर्ज रकबा खोदे गए तालाब के अनुरूप ही पाया गया।
तहसीलदार ने बताया कि इसके बाद एडीएम ने वह स्थान भी दिखाने को कहा जाए इसकी मिट्टी ले जाई गई है तब वह रहीम नगर स्थित उस तालाब पर जांच दल सहित गए जहां इसकी मिट्टी से तालाब भरा गया है। इसके बाद रहीम नगर स्थित तालाब की भी पैमाइश की गई। पूरी जांच के बाद रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
—-
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मकान गिराया जाएगा
सपा नेता अकील अहमद पट्टा के मकान के संबंध में एसडीएम जीतेंद्र कटियार ने बताया कि इसका वाद उनके न्यायालय में चल रहा है। वाद के मामले में हाईकोर्ट से उनके लिए यह निर्देश पूर्व में आया था कि विधिक प्रक्रिया का अनुपालन करते हुए मामले का निस्तारण करें। इसके चलते अब वह दोनों ही पक्षों को सुनेंगे और इसके बाद यदि मकान नगर पंचायत की सरकारी भूमि पाया जाएगा तो इसको गिराने के लिए उच्चाधिकारियों को अनुमति के लिए भेजा जाएगा। अनुमति मिलने के बाद ही मकान गिराने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
—-
सुसाइड नोट की हैंड राइटिग का होगा मिलान
किसान इंद्रपाल के शव के पास मिले सुसाइड नोट की राइटिग की जांच के लिए बुधवार को उसे विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया गया। वहीं बिसरा परीक्षण हेतु गुरुवार को भेजा जाएगा। मृतक के बैंक में किये गये हस्ताक्षर की राइटिग से सुसाइड नोट की राइटिग का मिलान होने पर एवं विसरा रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हिरासत में लिए गए नगर पंचायत कर्मी आनंद खरे को हृदय रोगी होने के कारण छोड़ दिया गया है। अपराध साबित होने पर उसे फिर से गिरफ्तार किया जाएगा।
