माननीय मुख्यमंत्री जी ने सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने और जनता की शिकायतों को प्रभावी ढंग से निराकरण करने के निर्देश दिये गये हैं, जिसके क्रम में शासन द्वारा समस्त कार्यालयों में अधिकारियों/कर्मचारियों की समय से उपस्थिति, साफ-सफाई एवं पत्रावलियों व जनता की शिकायतों के समय से निष्पादन की जांच कर दोषी अधिकारी/कर्मचारी के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
और शासन के निर्देश के क्रम में वार्षिक रूप से सभी बिंदुओं का विस्तृत निरीक्षण करने के भी निर्देश है।
उपरोक्त के अनुपालन में ही आज आयुक्त, कानपुर ने मण्डलायुक्त कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय श्री राजाराम, अपर आयुक्त(प्रशासन) एवं श्री उमाशंकर ज्येष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के अवलोकन के महत्वपूर्ण बिन्दु एवं दिये गये निर्देश निम्नवत हैंः-
1. कार्यालय में कनिष्ठ सहायकों के स्वीकृत कुल 7 पदो के सापेक्ष 5 पद भरे हुए हैं तथा 2 पद रिक्त चल रहे हैं। इसी तरह शिविर सहायक/आशुलिपिकों के स्वीकृत कुल 3 पदों के सापेक्ष 1 पद भरा हुआ है, शेष 2 पर रिक्त चल रहे हैं। इस पर अपर आयुक्त (प्रशासन) को शासन/परिषद के निर्देशों के क्रम में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए।
2. कार्यालय के सभी पटलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय सभी पटल सहायकगण उपस्थित मिलें।
3. न्यायालय में 5 वर्षों से अधिक समय से लम्बित/विचाराधीन चल रहे वादों/मुकदमों का आगामी 3 माह में गुण-दोष के आधार पर निस्तारण कराना सुनिश्चित करें तथा इसी क्रम में ऐसे मुकदमें, जो 3 से 4 वर्षों से विचाराधीन चल रहे हैं, का रोस्टर बनाकर उनकी नियमित सुनवाई करते हुए मेरिट पर निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित किया जाये, ताकि वादी/प्रतिवादी को समय से न्याय प्राप्त हो सके।
4. जनता दर्शन में प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्रभावी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए तथा निस्तारण आख्या से प्रार्थी को आवश्यक रूप से अवगत कराया जाए। इस सम्बन्ध में अपर आयुक्त(प्रशासन) को निर्देशित किया गया कि मण्डल के समस्त जिलाधिकारी, उपाध्यक्ष केडीए व नगर आयुक्त नगर निगम से प्रत्येक सोमवार सायं 6.00 बजे वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर शिकायतों के निस्तारण की अद्यतन स्थिति व उनका समयबद्ध रूप से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करेंगे तथा इस सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर नियमित रूप से आयुक्त को रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
5. दाखिल दफ्तर/बीड आउट किये जाने हेतु चिन्हित पत्रावलियों, जो वर्तमान में लम्बित है, को शासन/परिषद के निर्देशों के क्रम में शीघ्र दाखिल दफ्तर/बीड आउट किया जाना सुनिश्चित करें।
6. ऐसी पत्रावलियां, जिन्हें लम्बे समय तक कार्यालय में संरक्षित किया जाना है, को भी चिन्हित कर सूचीबद्ध कर लिया जाए और आगामी 15 दिनों में डाटा तैयार कर समस्त चिन्हित पत्रावलियों को स्”कैनिंग और डिजिटाइजेशन” करने हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी, कानपुर को पत्र लिखकर इस सम्बन्ध में आवश्यक/अग्रिम कार्यवाही कराना सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिये गये।
7. कार्यालय में लम्बित समस्त विभागीय कार्यवाहियों को एक सप्ताह में अद्यतन कर ले और यदि उनमें किसी अभिलेखों/साक्ष्यों की आवश्यकता हो, तो उन्हें शीघ्र प्राप्त करते हुए शासन के निर्देशों के क्रम में दो माह में उनका जाँच पूर्ण कर आवश्यक कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें।
8. निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया गया कि कार्यालय में कर्मचारियों की अवकाश पंजिका अद्यतन रखी जाय। परिसर के बाहर व अन्दर एवं कक्षों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये। पत्रावलियों का रख-रखाव समुचित एवं बेहतरढ़ंग से सुनिश्चित किया जाए। जन समस्याओं का प्रभावी निराकरण और उसके नियमित समीक्षा के साथ-साथ कार्यो में और तेजी लाने तथा जन सामान्य को उसका लाभ देने के उद्देश्य से कार्य किया जाय एवं कार्यशैली को पारदर्शी बनाया जाए।

