कानपुर में दारोगा के इकलौते बेटे की हत्या कर शव नहर में फेंका, बुधवार शाम से घर से था गायब
Fri, 08 Apr 2022
कानपुर सचेंडी के किसान नगर नहर में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवा कर पहचान के प्रयास शुरू किए थे। रात में शव की पहचान नौबस्ता थाना क्षेत्र से लापता दारोगा के इकलौते बेटे के रूप में हुई। नौबस्ता पुलिस ने फोटो से पहचान कराई तो कोहराम मच गया। दो संदिग्धों को उठाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
न्यू श्याम विहार दामोदर नगर राकेश कुमार कानपुर देहात के भोगनीपुर थाने में एसएसआइ हैं। राकेश के परिवार में पत्नी ऊषा देवी, शादीशुदा बेटी रिचा, सरसौल स्थित अपोलो इंस्टीट्यूट से बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा 23 वर्षीय इकलौता बेटा ऋषभ उर्फ रौनी और छोटी बेटी रितु है। ऋषभ के फुफेरे भाई प्रशांत कुमार ने बताया कि ऋषभ के पास बुधवार शाम को एक काल आई थी। फोन आने के बाद वह करीब 4:50 बजे घर से निकला था। रात तक वापस नहीं लौटा तो स्वजन ने फोन किया तो वह स्विचआफ बताता रहा।
गुरुवार सुबह तक घर वापस न लौटने पर स्वजन ने नौबस्ता थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। नौबस्ता पुलिस ने दोपहर बाद सचेंडी के हीरा सिंह का पुरवा गांव के पास किसान नगर नहर में गुरुवार शाम एक 23 वर्षीय युवक का शव पानी में उतराता मिलने की जानकारी हुई तो पुलिस ने स्वजन को बुलाया और पूछताछ की। रात में कार्यवाहक डीसीपी साउथ संकल्प शर्मा अन्य अधिकारियों संग दारोगा के घर पहुंचे और सचेंडी में मिले शव की फोटो दिखाई तो स्वजन ने शव की पहचान की। इकलौते बेटे की हत्या की पुष्टि होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मोबाइल की सीडीआर और इंटरनेट मीडिया अकाउंट खंगालने शुरू किए हैं।
बोले जिम्मेदार:
सीडीआर और लोकेशन आदि ट्रेस करके हत्यारों तक पहुंचने के प्रयास किया जा रहा है। दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की जा रही है।- संकल्प शर्मा, कार्यवाहक डीसीपी साउथ
