राष्ट्रपति के पैतृक गांव परौंख स्थित बहुउद्देशीय भवन में डीएम जेपी सिंह व सीडीओ सौम्या पांडेय ने चौपाल लगाई। उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी।
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह परौंख गांव में चौपाल लगा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को तेजी से विकास कार्य कराने के लिए निर्देश किया। वहीं सीडीओ सौम्या पांडेय ने चौपाल लगा सीएम के प्राथमिकता वाले विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा गांव की सड़क, नालियां, लाइटें आदि दुरुस्त कराने के साथ विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराएं। वहीं बिजली समस्या को दूर करने के लिए विभाग के अधिकारियों को ध्यान देने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों से समस्याओं के बारे में जानकारी ली। मजरा गोपालपुरवा में सड़क के जर्जर होने की जानकारी पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को एस्टीमेट बनाने को कहा। वहीं युवाओं को कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कराने के निर्देश दिए, बेरोजगारी दूर करने के लिए कैंप लगाकर रोजगार दिलाने पर जोर दिया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार परक बनाने के लिए सिलाई, कढ़ाई का प्रशिक्षण दिलाने पर जोर दिया। सीडीओ ने वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन से वंचित लोगों को कैंप लगाकर लाभ दिलाने की बात कही। मनरेगा से तालाबों की खोदाई भी कराने को कहा। इस दौरान डीसी मनरेगा हरिश्चंद्र सिंह, राजकीय इंटर कालेज परौख प्रधानाचार्य विमल अग्निहोत्री, एसडीएम डेरापुर ज्ञानेश्वर प्रसाद, ग्राम प्रधान संग्राम सिंह, सचिव ऋचा सिंह मौजूद रहीं।
एसडीएम को लगाई फटकार
– गांव में 25 से 30 वर्ष से काबिज ग्राम समाज की भूमि पर हो रहे प्रधानमंत्री आवास निर्माण को लेखपाल के रोकने की शिकायत पर सीडीओ ने ग्रामीणों व लाभार्थी रामजानकी से जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम व लेखपाल को फटकार लगाई और गरीबों की योजना में बाधक न बनने की हिदायत दी। सैनिक स्कूल के लिए डीएम ने देखी जमीन
– डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने राजकीय इंटर कालेज परौंख के पीछे सैनिक स्कूल निर्माण के लिए सात हेक्टेयर भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि स्वामी किसानों से अत्येन्द्र तिवारी, कमलेश चौबे, संदीप सेंगर के साथ बैठक कर भूमि देने पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि सात एकड़ भूमि राजकीय इंटर कालेज के पीछे ही चयन कर इसी का विस्तार कर इसमें सैनिक स्कूल बनाए जाने की योजना है। जरूरी प्रक्रिया तेजी से शुरू की जाएगी।
