कानपुर के सीसामऊ बाजार में होजरी दुकानदार की पीटकर हत्या, दुकान के बाहर ठेला लगाने पर हुआ था विवाद
08 Apr 2022
कानपुर की सीसामऊ बाजार में दुकान के बाहर ठेला लगाने के विरोध पर बुधवार शाम ठेलिया दुकानदार ने होजरी दुकानदार पर हमला कर दिया। ठेलिया दुकानदार ने लाठी -राड से पीटकर मरणासन्न कर दिया। गंभीर हालत में स्वजन उन्हें एलएलआर अस्पताल (हैलट) ले गए। वहां से बाद में उन्हें काकादेव के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गुरुवार को उपचार के दौरान होजरी दुकान दार की मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने ठेलिया दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया है।
हितकारी नगर काकादेव निवासी 53 वर्षीय मनोज कुमार निगम की होजरी की दुकान है। परिवार में पत्नी मीनू, बेटा सत्यम, बेटी श्वेता है। दुकान में मनोज के साथ उनके बड़े भाई राजेंद्र निगम भी दुकान पर बैठते हैं। राजेंद्र के मुताबिक बुधवार को ठेलिया दुकानदार राहुल ने उनकी दुकान के सामने ठेला लगाया था। जिसका मनोज ने विरोध किया था। आरोप है कि इस पर राहुल ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और राड से हमला कर दिया। ताबड़ तोड़ कई वार होने से वह लहू लुहान होकर गिर पड़े। आनन -फानन पड़ोसी दुकानदार भाई के साथ उन्हें एलएलआर अस्पताल (हैलट) ले गए। जहां हालत गंभीर देखकर उन्हें काकादेव स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार की सुबह उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में भारी वस्तु के प्रहार से तीन से चार हड्डियां टूट गई। कोमा में जाने से मौत की पुष्टि हुई है।
बोले जिम्मेदार:
होजरी दुकानदार के बड़े भाई की तहरीर पर दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम किया जाएगा। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। – निशांक शर्मा, एसीपी सीसामऊ
